Tenders Issued For Supertechs Incomplete Projects Relief For Buyers
सुपरटेक के प्रॉजेक्टों में टेंडर जारी होने शुरू
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT रिपोर्ट, नोएडा
सुपरटेक के अधूरे प्रॉजेक्टों के टेंडर जारी होने शुरू हो गए हैं। बायर्स के रोष के बाद नैशनल बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन (NBCC) ने एक प्रॉजेक्ट का टेंडर जारी कर दिया है। बाकी प्रॉजेक्टों के टेंडर भी इसी महीने जारी होने की तैयारी है। सभी प्रॉजेक्टों के सिविल टेंडर के डॉक्युमेंट्स तैयार हैं। पिछले दिनों अपेक्स कमिटी के साथ हुई मीटिंग में प्रॉजेक्टों के टेंडर जारी करने के लिए कहा गया था। इसके बाद अब पहला टेंडर जारी हो गया है और बाकी भी पाइपलाइन में हैं। 10-15 दिन में सभी प्रॉजेक्टों के सिविल टेंडर होने की उम्मीद की जा रही है। एनबीसीसी सुपरटेक लि. की 16 अधूरी परियोजनाएं पूरी करेगी। कोर्ट के आदेश पर एनबीसीसी को यह जिम्मेदारी मिली है। काम में देरी को लेकर हाल ही में बायर्स ने भी विरोध कर रोष जताया था और सवाल उठाया था कि जिम्मेदारी मिलने के बाद 7-8 महीने का समय यूंही निकल गया है और अभी तक टेंडर भी जारी नहीं हुए हैं तो काम कब शुरू होगा। इसी क्रम में रुद्रपुर स्थित रीवर क्रेस्ट प्रॉजेक्ट के लिए पहला सिविल टेंडर जारी किया गया है, जिसकी निविदा प्रक्रिया अगले 15 दिनों में पूरी होगी।