गुजरात से चली बाइक यात्रा 28 को पहुंचेगी पलवल में

नवभारतटाइम्स.कॉम•
bike yatra from gujarat to reach palwal on 28th part of seva sankalp abhiyan
nNBT न्यूज, पलवल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गृह जिले गुजरात के वडनगर से धार्मिक नगरी वाराणसी के लिए निकाली जा रही बाइक यात्रा का पलवल में भी ठहराव होगा। बाइक यात्रा 28 सितंबर को पलवल पहुंचेगी और गांव चांदहट में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होगी। इसके बाद यात्रा का रात्रि ठहराव गांव सिहोल में होगा। अगले दिन 29 सितंबर को यात्रा उत्तर प्रदेश की सीमा में प्रवेश करेगी। एडीसी उत्सव आनंद ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में लगातार 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में सेवा संकल्प अभियान के तहत वडनगर से वाराणसी तक बाइक यात्रा निकाली जा रही है। यात्रा रूट नंबर-7 के तहत 28 सितंबर को गुरुग्राम से सोहना होते हुए पलवल पहुंचेगी। उन्होंने बताया कि यात्रा शाम करीब साढ़े चार बजे गांव चांदहट पहुंचेगी, जहां कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन होगा। इसके बाद शाम साढ़े छह बजे चांदहट चौपाल पर आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में यात्रा में शामिल लोग हिस्सा लेंगे। इसके बाद यात्रा का रात्रि ठहराव गांव सिहोल में होगा। 29 सितंबर को सुबह 9 बजे गांव सिहोल में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके बाद बाइक यात्रा उत्तर प्रदेश के लिए रवाना होगी।