Demand For Posting Of Accounts Officers Uttar Pradesh Accounts Service Federation Makes 6 point Demand
लेखा अधिकारियों की पोस्टिंग की मांग
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ: उत्तर प्रदेश लेखा व लेखा परीक्षा सेवा परिसंघ ने 6 सूत्रीय मांग पत्र के साथ आंतरिक लेखा परीक्षा के निदेशक अशोक कुमार बाजपेयी से मुलाकात की। परिसंघ के प्रदेश अध्यक्ष सुशील कुमार बच्चा ने बताया कि 1437 सहायक लेखाकार व 206 लेखा परीक्षकों का चयन परिणाम घोषित हो चुका है। उनकी नियुक्ति करने की मांग की गई है।
इसके अलावा लेखा परीक्षा निदेशालय द्वारा 609 कार्मिकों के चयन के लिए उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा आयोग को भेजा गया है। इसको जल्द चयन कराने की भी मांग की गई है। जुलाई में पदोन्नत हुए 116 सहायक लेखा अधिकारियों की पोस्टिंग करने, दूरदराज तैनात किए गए महिला व पुरुष कर्मियों द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र पर विचार करने, अधीनस्थ लेखा एवं लेखा परीक्षा सेवा का पुनर्गठन करते हुए सहायक लेखा अधिकारियों के पदों की बढ़ोतरी करने और लेखा व परीक्षा सेवा कार्मिकों की लंबित एसीपी की स्वीकृत करने की भी मांग की गई। उन्होंने दावा किया कि निदेशक आंतरिक लेखा परीक्षा अशोक कुमार बाजपेयी ने मांगों को जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया है। इस दौरान महामंत्री शरद चंद शुक्ला, संरक्षक बलदाऊ श्रीवास्तव, दिलीप कुमार सक्सेना, मनोज श्रीवास्तव, संत कुमार गंगवार, आभा सिंह आदि मौजूद रहीं।