Demand For Investigation Before Awarding Contract To Bvg Councilor Sends Reminder To Municipal Commissioner
बीवीजी को ठेका देने से पहले जांच की मांग, पार्षद ने निगम कमिश्नर को भेजा रिमाइंडर
नवभारतटाइम्स.कॉम•
NBT न्यूज, फरीदाबाद
नगर निगम के वाॅर्ड-29 के पार्षद अजय सिंह बैसला ने एमएस बीवीजी इंडिया लिमिटेड को ठेका देने के मामले में नगर निगम के जवाब पर सवाल उठाते हुए स्वतंत्र जांच की मांग की है। उन्होंने निगम कमिश्नर यशेंद्र सिंह को भेजे रिमाइंडर में बीवीजी को जारी होने वाले एलओए (लेटर ऑफ अवार्ड) वर्क ऑर्डर को जांच पूरी होने तक रोकने की मांग की है। पार्षद ने यह पत्र 22 सितंबर को निगम में जमा कराया है।पार्षद ने अपने पत्र में कहा कि उन्होंने 27 अगस्त को बीवीजी इंडिया लिमिटेड की पात्रता, पूर्व प्रदर्शन और टेंडर की शर्तों के पालन को लेकर शिकायत दी थी। इसके जवाब में निगम की ओर से 22 सितंबर को भेजे गए पत्र को उन्होंने अधूरा और गंभीर बिंदुओं का संतोषजनक जवाब न देने वाला बताया है। उनका कहना है कि निगम के जवाब में कंपनी की तकनीकी पात्रता के लिए कुछ अनुभव प्रमाणपत्र और वित्तीय दस्तावेजों का उल्लेख किया गया है, लेकिन कंपनी के खिलाफ सामने आए प्रतिकूल रेकॉर्ड पर क्लॉजवार निष्कर्ष नहीं दिया गया।
पत्र में पार्षद ने दावा किया है कि नगर निगम जयपुर (ग्रेटर) द्वारा बीवीजी का अनुबंध समाप्त किए जाने और नोएडा प्राधिकरण की ओर से कंपनी के खिलाफ डिबारमेंट आदेश जारी किए जाने की बात निगम के जवाब में स्वीकार की गई है। इन मामलों की मूल कार्रवाई, नोटिस, निरीक्षण रिपोर्ट, जुर्माने से संबंधित रेकॉर्ड और न्यायिक आदेशों की पूरी जांच की जानी चाहिए। साथ ही जयपुर नगर निगम और नोएडा प्राधिकरण से कंपनी के खिलाफ की गई कार्रवाई के कारणों और वर्तमान स्थिति की स्वतंत्र रूप से पुष्टि करने की मांग की गई है।