Faridabad Lawyers Strike Ends 3 Conditions Accepted Work Resumes In Courts From Today
3 शर्तें मानीं, वकीलों की हड़ताल खत्म
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT रिपोर्ट, फरीदाबाद
एनआईटी तीन क्षेत्र के मस्जिद चौक पर एक वकील और होमगार्ड के बीच हुए मामूली विवाद के बाद एफआईआर दर्ज होने से भड़के वकीलों ने आखिरकार गुरुवार दोपहर बाद हड़ताल खत्म कर दी। असोसिएशन ने पुलिस कमिश्नर से मुलाकात के बाद यह ऐलान किया। शुक्रवार से अदालत में कामकाज पूरी तरह सुचारू हो जाएगा। वहीं, गुरुवार को कोर्ट में कोई कामकाज नहीं हुआ। किसी भी पुलिसकर्मी को परिसर में घुसने तक नहीं दिया गया। वादकारी कोर्ट में आकर वापस लौटते नजर आए।विवाद की शुरुआत मस्जिद चौक पर वकील और होमगार्ड के बीच हुई बहस और मार-पिटाई से हुई थी, जिसके बाद पुलिस ने वकील के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। अधिवक्ताओं का आरोप है कि कार में बंद वकील को पुलिस प्रशासन ने क्रेन से टो करवाकर जबरन चौकी पहुंचाया। वकीलों के उग्र प्रदर्शन और विरोध के चलते पुलिस बैकफुट पर आ गई। देर शाम पुलिस ने आरोपी वकील को वकीलों के संभावित विरोध के डर से कोर्ट परिसर के बजाय ड्यूटी मैजिस्ट्रेट के आवास पर पेश किया, जहां से वकील को जमानत मिल गई। वहीं, दूसरी ओर जिला बार असोसिएशन फरीदाबाद और पुलिस के बीच जारी टकराव गुरुवार को तीन मुख्य शर्तों पर बनी सहमति के बाद समाप्त हो गया। पुलिस कमिश्नर सत्येंद्र कुमार गुप्ता और बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों के बीच हुई बैठक में मांगों पर सहमति बनने के बाद अधिवक्ताओं ने हड़ताल वापस लेने की घोषणा कर दी।