Farmer Dies In Bkt Due To Collapse Of Mud Hut Several Houses Buried In Debris
बीकेटी में कच्ची कोठरी ढहने से किसान की मौत
Contributed by: rishi.sengar|नवभारतटाइम्स.कॉम•
n टीम NBT, लखनऊ : बीकेटी के भौली गांव में बारिश के दौरान किसान बजरंग यादव की कच्ची कोठरी से पानी टपक रहा था। शनिवार को कोठरी की छत ढह गई और बजरंग मलबे में दब गए। ग्रामीणों ने मलबा हटाकर बजरंग को निकाला। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
रहीमाबाद के चैना गांव में कच्ची कोठरी ढह गई। घर पर मौजूद शिवदयाल (50), बेटा रजनीश (24) और बेटी सलोनी (20) मलबे में दब गए। तीनों को स्थानीय अस्पताल से ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।गृहस्थी मलबे में दफन : रहीमाबाद के भतोइया गांव में रणधीर सिंह का कच्चा मकान गिर गया। घर में रखा सारा सामान मलबे में दब गया। रहीमाबाद के मनकौटी गांव में राजू, रूपेश और सूरज के कच्चे मकान ढह गए। निगोहां के डिघारी गांव में मजदूर जगतपाल की कच्ची कोठरी भरभराकर ढह गई। तीन मवेशी मलबे में दबकर घायल हो गए। उनके पड़ोसी विमल सिंह के कमरे की दीवार भी गिर गई।
माल में मकान ढहे : माल के पीरनगर गांव में मनोहर पासी, मदन धानुक और राम खेलावन के घर की दीवार ढह गई। अमलौली गांव में महादेव सिंह, प्रताप सिंह, शत्रोहन सिंह, अशोक सिंह, रामकुमार सिंह के मकान गिर गए। पीरनगर गांव निवासी मदनलाल, मनोहर और रामखेलावन मौर्या के कच्चे मकान ढह गए। निलमथा नई बस्ती एरिया में कच्चा मकान गिर गया। कैंट स्थित नई बस्ती में बारिश के कारण एक कच्चा मकान गिर गया। मौलवीगंज में जलकल विभाग की लापरवाही के कारण लगातार हो रहे सीवर लीकेज से एक मकान की दीवार और सीढ़ियां ढह गईं।