Severe Head Injury Every Minute Counts Experts Release New Life saving Guidelines
सिर की गंभीर चोट में हर मिनट अहम, विशेषज्ञों ने जारी कीं नई गाइडलाइंस
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, लखनऊ : सिर में गंभीर चोट लगने पर मरीज का इलाज अस्पताल पहुंचने के बाद ही नहीं, बल्कि हादसे की जगह से शुरू हो जाता है। सही प्राथमिक उपचार और सुरक्षित अस्पताल पहुंचाने को महत्वपूर्ण मानते हुए देशभर के 26 विशेषज्ञों ने ट्रॉमैटिक ब्रेन इंजरी (टीबीआई) के इलाज के लिए 2026 की नई विशेषज्ञ गाइडलाइन जारी की है। इसमें हादसे की जगह, एंबुलेंस, इमरजेंसी, ऑपरेशन, आईसीयू और पुनर्वास तक मरीज की देखभाल के मानक बताए गए हैं।
सोसायटी ऑफ न्यूरोक्रिटिकल केयर (एसएनसीसी) की पहल पर तैयार गाइडलाइन इंडियन जर्नल ऑफ क्रिटिकल केयर मेडिसिन में प्रकाशित हुई है। विशेषज्ञों में न्यूरोक्रिटिकल केयर, न्यूरोसर्जरी, इमरजेंसी मेडिसिन, एनेस्थिसिया और रिहैबिलिटेशन के विशेषज्ञ शामिल हैं। लखनऊ से रीजेंसी के डॉ. यश जावेरी और मेदांता लखनऊ के डायरेक्टर ट्रॉमा डॉ. लोकेन्द्र गुप्ता भी शामिल रहे। डॉ. लोकेन्द्र गुप्ता के अनुसार, सिर की चोट में शुरुआती मिनट और घंटे बेहद अहम होते हैं। समय पर प्राथमिक उपचार, सुरक्षित परिवहन और शुरुआती इमरजेंसी इलाज से सेकेंडरी ब्रेन इंजरी का जोखिम कम किया जा सकता है। गाइडलाइन में संसाधन, लागत और स्वास्थ्य सुविधाओं तक समान पहुंच को भी ध्यान में रखा गया है।