Hospitals Refusing Cashless Treatment Will Face Strict Action Divisional Commissioner
'कैशलेस इलाज से मना करने वाले अस्पतालों पर होगी कार्रवाई'
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT रिपोर्ट, लखनऊ
सड़क हादसों में घायलों को कैशलेस इलाज देने से इनकार करने वाले सूचीबद्ध अस्पतालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। शनिवार को मंडलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में डीसीपी (ट्रैफिक) रवीना त्यागी ने यह मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि कई सूचीबद्ध अस्पताल सड़क हादसों में घायल लोगों को कैशलेस उपचार देने में आनाकानी कर रहे हैं। इस पर मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत ने ऐसे सभी अस्पतालों की सूची स्वास्थ्य विभाग को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।बैठक में वर्ष 2026 से पहले के लंबित हिट ऐंड रन आर्थिक सहायता मामलों की भी समीक्षा हुई। लखनऊ के 5, रायबरेली के 7, सीतापुर के 3 और हरदोई के 10 मामले लंबित मिले। मंडलायुक्त ने अगली बैठक तक सभी मामलों के निस्तारण के निर्देश दिए। पीएम राहत योजना के तहत राजकीय अस्पतालों के अलावा लखनऊ के 15, उन्नाव के 25, हरदोई के 17, रायबरेली के 12, लखीमपुर के चार और सीतापुर के एक निजी अस्पताल को पैनल में शामिल किया गया है।