Lucknow University Teachers Open Front Against Charging Registration Fees Thrice From Students
छात्र से तीन बार रजिस्ट्रेशन फीस क्यों?
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : लखनऊ विश्वविद्यालय (LU) की ओर से संबद्ध कॉलेजों के छात्रों पर विभिन्न मदों में नए शुल्क थोपे जाने के खिलाफ 'एलयू ऐडेड कॉलेज टीचर्स असोसिएशन' ( लुआक्टा ) ने मोर्चा खोल दिया है। संगठन ने एलयू प्रशासन को पत्र लिखकर परीक्षा से इतर ली जा रही फीस पर कड़ा एतराज जताया है और इसे वापस न लेने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
लुआक्टा के अनुसार, शासन के निर्देश पर एलयू ने परीक्षा शुल्क तो घटाया, लेकिन भरपाई के लिए कॉलेजों पर कई अन्य मदों में नई फीस लाद दी। संगठन ने सवाल उठाया कि जब छात्र से एलयूआरएन (LURN) के नाम पर ₹100 और नामांकन के लिए ₹500 लिए जा रहे हैं, तो परीक्षा शुल्क में प्रति सेमेस्टर ₹250 रजिस्ट्रेशन फीस अलग से क्यों वसूली जा रही है? एक ही छात्र से तीन बार रजिस्ट्रेशन शुल्क लेना जायज नहीं है। पत्र में रेंजर्स-रोवर्स के नाम पर ₹50 शुल्क पर भी आपत्ति दर्ज कराई गई है। तर्क दिया गया कि जिन कॉलेजों में यह व्यवस्था ही नहीं, वहां के छात्रों से यह वसूली अनुचित है। इसके अलावा प्रति सेमेस्टर अल्मनाई शुल्क ₹100, इंटर्नशिप के ₹300, खेलकूद के ₹50, प्रॉसेसिंग और मार्कशीट जारी करने के नाम पर ₹100 लिए जाने का भी विरोध किया गया है।शासन से तय होती है दरें: असोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. मनोज पांडे ने बताया कि कॉलेज की शुल्क संरचना शासन स्तर पर निर्धारित होती है और कॉलेजों के पास शुल्क में बहुत अधिक बदलाव की गुंजाइश नहीं होती। ऐसे में विश्वविद्यालय की ओर से विभिन्न मदों में अतिरिक्त शुल्क निर्धारित करने से कॉलेजों पर वित्तीय दबाव बढ़ेगा।