Remove Obstacles In Projects Haryana Urban Local Bodies Commissioner Holds Review Meeting
‘प्रॉजेक्ट्स में आ रहीं बाधाओं को करें दूर’
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव : शहर की सफाई व्यवस्था और विकास कार्यों की जमीनी स्थिति जानने के लिए शहरी स्थानीय निकाय हरियाणा के कमिश्नर व सचिव अशोक कुमार मीणा ने शनिवार को अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने परियोजनाओं में भूमि, मंजूरी, टेंडर समेत अन्य स्तर पर आ रही बाधाओं को दूर करने के निर्देश दिए। निगम अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल छह एजेंसियों के जरिये 591 वाहन घर-घर से कचरा उठा रहे हैं। यह अंतरिम व्यवस्था जनवरी 2027 तक रहेगी। स्थायी व्यवस्था के लिए दो एजेंसियों को 11 सितंबर को LOA जारी किया जा चुका है। शहर के 159 गार्बेज वल्नरेबल पॉइंट (जीवीपी) के रखरखाव के लिए 63 समर्पित यूनिट तैनात हैं। सितंबर की वेस्ट इन्वेंटरी के अनुसार बंधवाड़ी में 57.64 लाख मीट्रिक टन लीगेसी वेस्ट दर्ज है। इसमें 41.18 लाख मीट्रिक टन का प्रसंस्करण हो चुका है। बताया कि कमान सराय बेसमेंट पार्किंग का काम पूरा हो चुका है। सदर बाजार को स्मार्ट बाजार बनाने के लिए 1.79 करोड़ रुपये के काम पूरे हो चुके हैं। बैठक में निगम कमिश्नर प्रदीप दहिया समेत यूएलबी निदेशक शरणजीत कौर बराड़ सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।