Residents Of Sector Alpha 1 Troubled By Dirty Water Supply Threat To Health And Appliances
सेक्टर अल्फा-1 में गंदे पानी की सप्लाई
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, ग्रेटर नोएडा
ग्रेटर नोएडा के सेक्टर अल्फा-1 में पिछले कई दिनों से रुक-रुककर गंदे पानी की सप्लाई होने से निवासी परेशान हैं। लोगों का आरोप है कि घरों में कभी गंदा और कभी सफेद पानी पहुंच रहा है। पानी में गंदगी आने के कारण घरेलू काम प्रभावित हो रहे हैं। वहीं, लगातार खराब पानी की सप्लाई से लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी का डर भी सता रहा है। निवासियों का कहना है कि पानी की समस्या की शिकायत प्राधिकरण से कई बार की जा चुकी है, लेकिन अभी तक स्थायी समाधान नहीं हुआ है। सेक्टर निवासी ईश्वर सिंह ने बताया कि लोग पानी का शुल्क देने के बावजूद साफ पानी के लिए परेशान हैं। उनका कहना है कि गंदे पानी के कारण घरों में लगे आरओ और अन्य उपकरण भी खराब हो रहे हैं। इन्हें साफ कराने और फिल्टर बदलवाने में लोगों को अतिरिक्त खर्च करना पड़ रहा है। उन्होंने प्राधिकरण से पाइपलाइन की जांच कराने और जल्द साफ पानी की सप्लाई सुनिश्चित करने की मांग की है।