Congress Protest Against Chief Election Commissioner Distance Of Big Leaders Fuels Speculation Of Factionalism
मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कांग्रेस ने किया प्रदर्शन, बड़े नेताओं ने बनाई दूरी
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने को लेकर जिला कांग्रेस ने सेक्टर 12 स्थित लघु सचिवालय पर प्रदर्शन किया लेकिन इस दौरान कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने इस प्रदर्शन से दूरी बनाए रखी। ये दूरी साफ तौर पर कांग्रेस के अंदर की गुटबाजी को बयां कर रही है। बहरहाल पूर्व जिला अध्यक्ष बलजीत कौशिक और अन्य कांग्रेसी नेताओं के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर हिसार के सांसद जयप्रकाश प्रभारी के तौर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। कांग्रेसी तयशुदा कार्यक्रम के अनुसार सेक्टर-12 पेट्रोल पंप पर एकत्रित हुए और वहां से पैदल चलते हुए हाथों में झंडा लेकर ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारे लगाते हुए जिला लघु सचिवालय पर पहुंचे और जमकर नारेबाजी करते हुए ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और उन्हें तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की।उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए जयप्रकाश ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कुछ दिन पहले हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर वोट चोरी का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा कि उस समय लोगों के मन में सवाल था कि राहुल गांधी किन आधारों पर यह बात कह रहे हैं लेकिन अब चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दों के सामने आने के बाद कांग्रेस के सवाल और गंभीर हो गए हैं। इस प्रदर्शन में विनोद कौशिक, अब्दुल गफ्फार कुरैशी, पूर्व पार्षद योगेश ढींगड़ा, युवा जिलाध्यक्ष विकास दायमा सहित अनेकों कार्यकर्ता मौजूद रहे।