शहजाद पूनावाला का कांग्रेस पर हमला: 'टुकड़े-टुकड़े' पार्टी, अल्पसंख्यकों के साथ 'यूज एंड थ्रो' नीति

NewsPoint
Navbharat Times
नई दिल्ली, 5 जुलाई: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने दिल्ली दंगों के आरोपियों शरजील इमाम और उमर खालिद की जमानत याचिका खारिज होने पर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कांग्रेस पर देशद्रोहियों का पक्ष लेने का आरोप लगाया और कहा कि यह पार्टी हर राज्य में "टुकड़े-टुकड़े" हो चुकी है। पूनावाला ने कांग्रेस की आंतरिक कलह, पंजाब में पार्टी की स्थिति और आगामी संसद के मॉनसून सत्र पर भी अपनी बात रखी।

शहजाद पूनावाला ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि यह पार्टी हर राज्य में बिखर चुकी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में न तो कोई नेतृत्व है, न कोई नीति, न कोई मिशन और न ही कोई विजन। उनके पास सिर्फ भ्रम, बंटवारा और पदों की लालसा है। पूनावाला ने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी के अंदर भी लोग राहुल गांधी को अपना नेता नहीं मानते, इसीलिए पंजाब कांग्रेस में ऐसी स्थिति देखने को मिल रही है। उन्होंने पंजाब कांग्रेस में गुटबाजी का जिक्र करते हुए कहा कि वहां राजा वडिंग बनाम बाजवा है, चन्नी बनाम राजा वडिंग है, और मनीष तिवारी बनाम पंजाब कांग्रेस है।
उन्होंने कहा कि यही हाल देश के दूसरे हिस्सों में भी है। केरल में थरूर बनाम केरल कांग्रेस है, कर्नाटक में डीके शिवकुमार बनाम सिद्धारमैया है, छत्तीसगढ़ में भूपेश बघेल बनाम टीएस सिंह देव है, और हिमाचल प्रदेश में प्रतिभा सिंह बनाम सुक्खू है। पूनावाला ने यहां तक कह दिया कि 'प्रियंका कांग्रेस' बनाम 'राहुल कांग्रेस' भी है। उनका कहना था कि कांग्रेस के पास कोई नेता या नीति नहीं बची है, इसलिए वह टुकड़ों में बिखर जाती है। यही समस्या पंजाब में भी दिखाई दे रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जो पार्टी अपने कार्यकर्ताओं को एकजुट नहीं कर पा रही है, और इंडिया गठबंधन के साथियों को एक मंच पर नहीं ला पाती, वह देश को कैसे चला पाएगी।

गोवा कांग्रेस माइनॉरिटी डिपार्टमेंट के चेयरमैन वसीम खान द्वारा पार्टी के रुख और अल्पसंख्यकों के साथ बर्ताव पर सवाल उठाने के मुद्दे पर शहजाद पूनावाला ने कहा कि कांग्रेस पार्टी 'यूज एंड थ्रो' (इस्तेमाल करो और फेंको) की पॉलिसी अपनाती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सिर्फ चाहती है कि मुसलमान उसे सपोर्ट करें, लेकिन जब वे अपने अधिकारों की मांग करते हैं, तो पार्टी उनका अपमान करती है। पूनावाला ने गोवा कांग्रेस माइनॉरिटी डिपार्टमेंट के चेयरमैन के साथ हुए बर्ताव का जिक्र किया, जिसमें धक्का-मुक्की और गाली-गलौज शामिल था। उन्होंने कहा कि इससे पता चलता है कि कांग्रेस भले ही सबके सामने कुछ और कहती हो, लेकिन अंदरूनी तौर पर वह मुसलमानों और अल्पसंख्यकों के साथ अलग तरह से पेश आती है।

इसी बीच, भाजपा नेता ने संसद के आगामी मॉनसून सत्र पर विपक्षी दलों से सहयोग की अपील की। शहजाद पूनावाला ने कहा कि मॉनसून सत्र शुरू होने वाला है और देश के सामने कई अहम मुद्दे हैं जिन पर चर्चा होनी है, साथ ही कई जरूरी बिल भी हैं। उन्होंने बताया कि इन पर सर्वदलीय बैठक और बिजनेस एडवाइजरी काउंसिल में चर्चा होगी और एजेंडा तय किया जाएगा। हालांकि, उन्होंने चिंता जताई कि कुछ पार्टियों का इतिहास ऐसा रहा है कि उन्होंने संसद को विचार-विमर्श की जगह के बजाय हंगामे, ड्रामे और विरोध-प्रदर्शन का अखाड़ा बना दिया है।

उन्होंने कहा कि कुछ पार्टियां राष्ट्रहित नहीं, बल्कि परिवार हित में काम करती हैं। इसके तहत वे संसद को बंधक बनाने की कोशिश करते हैं। पूनावाला ने उम्मीद जताई कि वे मॉनसून सत्र में ऐसा नहीं करेंगे।

भाजपा नेता ने दिल्ली दंगों के आरोपी शरजील इमाम और उमर खालिद की जमानत याचिका खारिज होने पर कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश के खिलाफ साजिश रचने वाले, इंडिया के टुकड़े-टुकड़े चाहने वाले शरजील इमाम और उमर खालिद की पैरवी लगातार कांग्रेस और उसका इकोसिस्टम कर रहा था। उन्होंने कहा कि इन आरोपियों को नेल्सन मंडेला की तरह, जैसे कि उनके साथ बड़ा अपराध और अन्याय हुआ है, इस प्रकार से प्रस्तुत किया गया। पूनावाला ने कांग्रेस पार्टी से सवाल किया कि मोदी गवर्नमेंट का विरोध करते हुए देशविरोधी तत्वों के साथ खड़े रहने की उनकी क्या मजबूरी है।