रेडिको खेतान ने पेश किया नया प्रीमियम 1965 स्पिरिट ऑफ विक्ट्री लेमन डैश रम, नए बाजारों में होगा लॉन्च
रेडिको खेतान ने पेश किया नया प्रीमियम 1965 स्पिरिट ऑफ विक्ट्री लेमन डैश रम, नए बाजारों में होगा लॉन्च
NewsPoint•
नई दिल्ली, 24 सितंबर (आईएएनएस)। रेडिको खेतान लिमिटेड, जो देश की प्रमुख शराब कंपनियों में से एक है, ने अपनी लोकप्रिय 1965 स्पिरिट ऑफ विक्ट्री लेमन डैश फ्लेवर्ड रम को नए प्रीमियम डिज़ाइन में पेश किया है। कंपनी का यह कदम अपनी फ्लेवर्ड रम श्रेणी में मजबूती लाने और युवा उपभोक्ताओं को आकर्षित करने की योजना का हिस्सा है। असम में नए पैकेज और पहचान के साथ इसकी शुरुआत हुई है। इसके बाद इसे ओडिशा, झारखंड, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल जैसे प्रमुख बाजारों में चरणबद्ध तरीके से लॉन्च किया जाएगा।
रेडिको खेतान ने बताया कि यह नया ब्रांडिंग 1965 स्पिरिट ऑफ विक्ट्री फ्रेंचाइजी के विकास के अगले चरण का प्रतीक है। यह कंपनी के उन ब्रांड्स में से एक है, जिन्हें 'मिलियनेयर ब्रांड' का दर्जा हासिल है। इस ब्रांड की शुरुआत 2017 में भारत-पाकिस्तान युद्ध के वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि देने के लिए की गई थी। शुरुआत में इसे कैंटीन स्टोर्स डिपार्टमेंट (सीएसडी) के जरिए पेश किया गया, और बाद में इसे घरेलू बाजार मेंलॉन्च किया गया क्योंकि लोगों ने इसे काफी पसंद किया। लेमन डैश ने वर्ष 2022 में प्रीमियम फ्लेवर्ड रम श्रेणी में कदम रखा था। इसे ऐसे समय में लॉन्च किया गया था, जब बाजार में फ्लेवर-आधारित पेयों और नए कॉकटेल अनुभवों की मांग बढ़ रही थी। नए संस्करण में 1965 स्पिरिट ऑफ विक्ट्री की विरासत को गंधराज नींबू के खास स्वाद के साथ जोड़ा गया है।
कंपनी का कहना है कि नया डिजाइन परंपरा और आधुनिकता का संतुलित मिश्रण है। रेडिको खेतान के मुख्य विपणन अधिकारी कुणाल मदान ने कहा, "1965 स्पिरिट ऑफ विक्ट्री हमेशा से गौरव, विरासत और विशिष्ट पहचान का प्रतीक रहा है।" उनके अनुसार, "लेमन डैश के माध्यम से कंपनी इस विरासत को एक अधिक ताजगी भरे और आधुनिक अनुभव के साथ जोड़ना चाहती थी।"
नई पैकेजिंग में क्रीम और गोल्ड रंग के साथ गहरे हरे रंग के शेड्स, मेटैलिक डिटेलिंग और गंधराज नींबू की कलात्मक डिजाइन का इस्तेमाल किया गया है। टेक्सचर्ड ग्लास बोतल, उभरी हुई डिजाइन और सिग्नेचर बैज ये सभी इसके प्रीमियम स्वरूप को और भी मजबूती देते हैं। ब्रांड की पहचान से जुड़े चार मूल मूल्य - सम्मान, साहस, भाईचारा और गौरव, भी नए डिजाइन में बनाए रखा गया है।
कंपनी का मानना है कि यह नया लुक खास तौर पर उन युवा उपभोक्ताओं को आकर्षित करेगा, जो आधुनिक और अलग तरह के स्पिरिट अनुभवों की तलाश में रहते हैं। लेमन डैश में रम के पारंपरिक स्वाद को गंधराज नींबू के ताजगी भरे खट्टे स्वाद के साथ मिलाया गया है। इसके बारे में कंपनी का कहना है कि इसमें आकर्षक सुगंध, स्मूथ टेक्सचर और ताजगी भरा फिनिश मिलता है।
यह उत्पाद अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान बना चुका है और इसे मोंडे सिलेक्शन में गोल्ड क्वालिटी अवार्ड से भी सम्मानित किया गया है। फिलहाल, असम में यह उत्पाद 750 मिलीलीटर, 375 मिलीलीटर और 180 मिलीलीटर के ग्लास बोतल प्रारूप में उपलब्ध है। इसके बाद यह नई पैकेजिंग ओडिशा, झारखंड, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल जैसे अन्य प्रमुख बाजारों में धीरे-धीरे लॉन्च की जाएगी।