दीपक तिजोरी ने योचन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में योग के महत्व पर जोर दिया
दीपक तिजोरी ने योचन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में योग के महत्व पर जोर दिया
NewsPoint•
मुंबई, 28 सितंबर (आईएएनएस)। अभिनेता दीपक तिजोरी ने '5वें नेशनल योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप 2026' में भाग लिया। इस कार्यक्रम में उन्होंने योग, सांसों के नियंत्रण और इसे दैनिक जीवन में शामिल करने के महत्व पर अपने विचार साझा किए। उनका मानना है कि योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि यह हमारी संस्कृति का एक हिस्सा है। यह हमारे स्वास्थ्य और व्यक्तिगत विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
दीपक ने संवाददाता से कहा, "योग हम सभी के लिए बेहद जरूरी है कि हम जहां भी जाएं, हमें नंबर वन होना ही है। मेरा मानना है कि योग हमारे जीवन का बेहद महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसे हर किसी को इसे अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए।" वह इस बात पर जोर देते हैं कि योग का मतलब केवल हफ्ते में तीन बार अभ्यास करना नहीं है। "योग का मतलब है सांस लेना," उन्होंने कहा। "हम सभी अपने जीवन में हर पल सांस लेते हैं। अगर हम अपनी सांसों को सही रखेंगे, तो हमारे शरीर की अंदरूनी संरचना ठीक रहेगी।"दीपक ने उल्लेख किया कि "कहा जाता है कि हमें एक मिनट में 10 बार सांस लेनी और छोड़नी चाहिए। अगर हम इस रूटीन को बनाए रखेंगे, तो मुझे लगता है कि यह हमारे लिए फायदेमंद होगा और इससे बहुत सी बीमारियां ठीक हो सकती हैं।" उन्होंने हॉट योगा के महत्व को भी बताया, जो कि गर्म और आर्द्र कमरे में किया जाने वाला योग है। "हॉट योगा और अष्टांग योग, हठ योगासन कोई मजाक नहीं हैं," दीपक ने कहा। "लोगों को इसे गंभीरता से लेना चाहिए और रोजमर्रा की जिंदगी में अभ्यास करना चाहिए। इससे व्यक्ति की सेहत और व्यक्तित्व पूरी तरह से बदल जाएगा।"
कार्यक्रम में अदिति गोवित्रिकर ने भी योग के फायदों पर प्रकाश डाला। वह एक डॉक्टर भी हैं। अदिति ने कहा, "योग शरीर, सांस और मन - तीन स्तरों पर काम करता है। जब युवा योगासन को एक खेल के रूप में गंभीरता से लेते हैं, तो यह बहुत उत्साहजनक है।"
इस तरह, दीपक तिजोरी और अदिति गोवित्रिकर ने योग के लाभों पर विस्तार से चर्चा की। उनका संदेश स्पष्ट है: योग केवल एक अभ्यास नहीं, बल्कि जीवन का एक अनिवार्य हिस्सा है जो हमें स्वस्थ और खुशहाल बनाता है।