Bjp Minister Narendra Kashyaps Sharp Attack On Womens Reservation Ambedkar And Sp
नरेंद्र कश्यप: महिला आरक्षण, अंबेडकर, सपा पर भाजपा मंत्री का बयान | UP News
Others•
भाजपा मंत्री नरेंद्र कश्यप ने महिला आरक्षण को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अंबेडकर की विरासत को सम्मान दिया। कश्यप ने कांग्रेस पर अंबेडकर को राजनीति से दूर रखने का आरोप लगाया। सपा की वीडियो को उन्होंने छोटी मानसिकता का परिचय बताया। केरल और पश्चिम बंगाल में दलित उत्पीड़न पर चिंता जताई।
लखनऊ, 13 अप्रैल (आईएएनएस)। पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप ने महिला आरक्षण बिल , पश्चिम बंगाल चुनाव और रायबरेली में अंबेडकर प्रतिमा की स्थापना जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपनी बेबाक राय रखी। उन्होंने कहा कि भाजपा विकास और विरासत को महत्व देती है और प्रधानमंत्री मोदी ने बाबासाहेब डॉ. बी.आर. अंबेडकर के योगदान को सम्मान देकर उनकी विरासत को बढ़ाया है। मंत्री ने कांग्रेस पर डॉ. अंबेडकर को राजनीति से दूर रखने का आरोप लगाया और कहा कि सपा द्वारा बाबासाहेब पर बनाई गई वीडियो उनकी छोटी मानसिकता दर्शाती है। उन्होंने केरल और पश्चिम बंगाल में दलित उत्पीड़न की घटनाओं पर चिंता जताई और महिला आरक्षण बिल को महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया। नोएडा में फैक्ट्री कर्मचारियों के हंगामे को उन्होंने विपक्षी दलों की साजिश करार दिया।
राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि भाजपा के लिए विकास और विरासत दोनों ही बहुत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने इस बात पर संतोष व्यक्त किया कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाबासाहेब डॉ. बी.आर. अंबेडकर के जन्मस्थान से लेकर उनके परिनिर्वाण स्थल तक को एक विरासत के रूप में संवारकर उनका सम्मान बढ़ाया है। बरेली में भाजपा ने यह स्पष्ट किया है कि वह बाबासाहेब डॉ. अंबेडकर की विचारधारा और उनके देश के प्रति योगदान को हमेशा संरक्षित रखने के लिए प्रतिबद्ध है। मंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि डॉ. अंबेडकर के विचारों को कांग्रेस पार्टी या राहुल गांधी ने कभी भी पूरी तरह से समर्थन नहीं दिया।उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी ने ही डॉ. अंबेडकर को भारत की सियासत से दूर रखने का काम किया था। 1951-1952 में जब पहला पार्लियामेंट का चुनाव हुआ था, तब कांग्रेस ने अंबेडकर को हराया था। इसलिए, राहुल गांधी या कांग्रेस पार्टी को बाबा साहब के जन्मदिन पर कुछ भी कहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।
समाजवादी पार्टी (सपा) द्वारा सोशल मीडिया पर जारी किए गए एक कार्टून वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए, जिसमें राममनोहर लोहिया साइकिल चला रहे हैं और बाबा साहब भीमराव अंबेडकर पीछे बैठे हैं, नरेंद्र कश्यप ने कहा कि समाजवादी पार्टी अहंकार में डूबी हुई है। उन्होंने कहा कि सपा के लोग प्रधानमंत्री के खिलाफ और मुख्यमंत्री को लेकर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं। अब तो बाबा साहब को लेकर इस तरह की वीडियो बनाकर सपा ने अपनी छोटी मानसिकता का परिचय दिया है। बाबा साहब का अपमान करके सपा खुद को खत्म करने का काम कर रही है।
केरल में एक दलित मेडिकल छात्र की मौत के मामले पर मंत्री ने चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि केरल और पश्चिम बंगाल जैसे कुछ राज्य ऐसे हैं जहाँ दलितों पर उत्पीड़न की घटनाएं बढ़ी हैं। केरल में एक दलित बच्ची के साथ इस तरह की घटना का होना केरल सरकार की कार्यशैली पर सवाल खड़े करता है। केरल की सरकार को ऐसी घटनाओं पर तुरंत संज्ञान लेना चाहिए।
महिला आरक्षण विधेयक के बारे में बात करते हुए कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश इतिहास रचने जा रहा है। जब संसद और विधानसभाओं में हर तीसरी सांसद और विधायक महिला होगी, तो यह भारत की राजनीति का स्वर्णिम काल होगा। प्रधानमंत्री का यह प्रयास भारत की महिलाओं को सशक्त बनाने की एक बहुत अच्छी पहल है।
नोएडा में फैक्ट्री कर्मचारियों के हंगामे के मुद्दे पर नरेंद्र कश्यप ने कहा कि कुछ दल और कुछ लोग उत्तर प्रदेश को आगे बढ़ते हुए नहीं देखना चाहते हैं। विपक्षी दलों के लोग सरकार के हर अच्छे काम में बाधा डालने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सीएम योगी के नेतृत्व में पिछले 9 सालों में विकास चरम पर है। नौ लाख से अधिक लोगों को सरकारी नौकरी मिलना और करोड़ों लोगों को प्राइवेट सेक्टर में काम मिलना इस सरकार की बड़ी उपलब्धि है। इसके बावजूद, कुछ दल लोगों को भड़काकर आंदोलन की राह अपनाने के लिए उकसा रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे किसी के बहकावे में न आएं और विश्वास रखें कि मोदी-योगी की सरकार में उन्हें न्याय मिलेगा।