मई अंत तक 17 शहरों के लिए फ्लाइट शुरू करने की तैयारी

नवभारतटाइम्स.कॉम

नोएडा एयरपोर्ट से मई के अंत तक 17 बड़े शहरों के लिए फ्लाइट शुरू होंगी। रोजाना 60 से 70 फ्लाइट्स उड़ान भरेंगी। एयरपोर्ट सिक्यॉरिटी प्रोग्राम का अप्रूवल जरूरी है। इसके बाद टिकट बुकिंग शुरू होगी। अगस्त तक इंटरनेशनल टर्मिनल का काम पूरा हो जाएगा। एयरपोर्ट पर 25 और हैंगर बनाए जाएंगे।

flights to 17 cities to start from noida airport by end of may 60 70 flights to operate

n NBT रिपोर्ट, ग्रेटर नोएडा

नोएडा एयरपोर्ट का संचालन शुरू होने से पहले एयरपोर्ट सिक्यॉरिटी प्रोग्राम (ASP) का अप्रूवल जरूरी है। इसके बाद ही टिकट बुकिंग शुरू होगी। साथ ही यहां पर काम करने वाले सभी अधिकारियों व कर्मचारियों के आई कार्ड बन सकेंगे। साथ ही यहां काम करने वाली एजेंसियां एक्टिव हो सकेंगी। एयरपोर्ट से उड़ानें मई के अंतिम सप्ताह तक शुरू होने की उम्मीद है। यमुना इंटरनैशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड की मंगलवार को हुई बोर्ड बैठक में बताया गया कि शुरू में 17 बड़े शहरों के लिए रोजाना 60 से 70 फ्लाइट्स टेकऑफ और लैंड करेंगी। संचालन शुरू करने के लिए अगले 10 दिन में ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्यॉरिटी (BCAS) की आपत्तियों को दूर करने की कोशिश जारी है। लोकार्पण के बाद अब नोएडा एयरपोर्ट के संचालन का इंतजार है। दरअसल BCAS ने कुछ आपत्तियां लगाई थीं, जिनका निस्तारण जरूरी है। इसमें विदेशी सीईओ प्रमुख बिंदु है। यापल अब इन आपत्तियों का निस्तारण तेजी से कर रहा है। पहले जो आपत्तियां लगाई थीं, उनमें बाउंड्रीवॉल, वॉच टावर, सुरक्षा उपकरण को निस्तारित किया जा चुका है। इसके बाद BCAS ने कंडिशनल सिक्यॉरिटी क्लियरेंस दी थी।

25 हैंगर और बनाए जाएंगे

एयरपोर्ट में अभी 25 विमानों के खड़े होने की सुविधा है। यानी यहां पर 25 हैंगर बनाए गए हैं। एयरपोर्ट पर फ्लाइट की संख्या बढ़ेगी। विमानों को पार्किंग की जरूरत होगी। इसे देखते हुए एयरपोर्ट प्रबंधन ने यहां पर 25 और हैंगर बनाने की योजना बनाई है। इसकी तैयारी शुरू हो गई है। इनके बन जाने से यहां पर 50 विमान खड़े हो सकेंगे।

अगस्त तक इंटरनैशनल टर्मिनल

डोमेस्टिक के साथ ही इंटरनैशनल फ्लाइट भी यहां से चलेंगी। इसके लिए टर्मिनल बिल्डिंग में इंटरनैशनल टर्मिनल का भी काम तेजी से चल रहा है। अगस्त तक यह काम पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद इंटरनैशनल फ्लाइट शुरू किए जाने की तैयारी है।