n गाजियाबाद : गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने लोनी क्षेत्र के नियोजित विकास को गति देने के लिए मिनी पायलट प्रॉजेक्ट तैयार किया है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों के विस्तार को रोकना और शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना है। वर्तमान में लोनी के इंद्रप्रस्थ योजना के पास मास्टरप्लान के तहत सड़कों का निर्माण न होने के कारण विकास कार्य ठप है। ट्रैफिक जाम की बहुत समस्या रहती है। उपाध्यक्ष के आदेशानुसार, गठित समिति ने इस प्रॉजेक्ट के लिए स्थलों का चयन कर अपनी डिटेल रिपोर्ट तैयार की। इसके तहत महायोजना-2031 के अंतर्गत टीला मोड़ से पाइपलाइन रोड और लोनी की ओर जाने वाली महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण का प्रस्ताव है। इन सड़कों के बनने से न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि भविष्य में निजी जमीन पर मानचित्र मंजूर होने से प्राधिकरण को विकास शुल्क के रूप में आय भी मिलेगी। इस परियोजना को 3 मुख्य चरणों में विभाजित किया गया है, जिसके लिए भूमि अधिग्रहण और आपसी सहमति से भूमि क्रय करने की प्रक्रिया प्रस्तावित की गई है। महायोजना में सड़क की प्रस्तावित चौड़ाई 30 मीटर है लेकिन शुरुआती तौर पर 18 मीटर चौड़ी सड़क बनाने का प्रस्ताव दिया गया है। इसके लिए प्रथम चरण में निजी स्वामित्व की लगभग 0.6488 हेक्टेयर जमीन की आवश्यकता होगी, जिसे भू-स्वामियों की सहमति से खरीदा जाएगा। यह रिपोर्ट अधिशासी अभियंता और सहायक अभियंताओं की समिति द्वारा तैयार की गई है।

