n NBT रिपोर्ट, गाजियाबाद : समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष वीरेंद्र यादव ने भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का विरोध किए जाने की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने इसे भाजपा की विकृत मानसिकता करार देते हुए कहा कि सत्ता पक्ष का न तो लोकतंत्र में विश्वास है और न ही संविधान में। उन्होंने आरोप लगाते हुए प्रशासन से मांग की है कि विरोध करने वालों के खिलाफ तुरंत केस दर्ज किया जाए। वीरेंद्र यादव ने चेतावनी दी कि यदि पुलिस ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं की, तो समाजवादी पार्टी सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करने के लिए मजबूर होगी। उनका आरोप है कि महिला आरक्षण बिल के नाम पर भाजपा देश की नारी शक्ति को गुमराह करने की कोशिश कर रही है। विपक्ष की एकजुटता ने सरकार की साजिशों का पर्दाफाश कर दिया है, जिससे बौखलाकर भाजपा नेता ओछी राजनीति पर उतर आए हैं।

