n NBT रिपोर्ट, गाजियाबाद
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने शहर के विभिन्न इलाकों में पार्कों के सौंदर्यीकरण और हरियाली बढ़ाने के लिए बड़े पैमाने पर ई-टेंडर जारी किए हैं। मधुबन-बापूधाम योजना के एफ-ब्लॉक स्थित 11 पार्कों के उद्यानिक विकास और अगले तीन वर्षों तक उनके रखरखाव के लिए करीब 99.50 लाख रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। इसी तरह कोयल एन्क्लेव योजना में हरित पट्टी और पार्कों के रखरखाव के लिए लगभग 67 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इन कार्यों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 23 अप्रैल तय की गई है। इसके अतिरिक्त जीडीए ने अन्य प्रमुख योजनाओं के लिए भी निविदाएं निकाली हैं। जिनमें शास्त्रीनगर के जी-ब्लॉक स्थित लाल बहादुर शास्त्री पार्क में ओपन जिम की स्थापना और इंद्रप्रस्थ योजना के एफ-ब्लॉक में 5000 पौधों के रोपण सहित रखरखाव का कार्य शामिल है । इन कार्यों की अनुमानित लागत क्रमशः 8.89 लाख और 27.93 लाख रुपये है । इन निविदाओं के लिए ई-टेंडर अपलोड करने की अंतिम तिथि 10 अप्रैल निर्धारित की गई थी, जिनकी तकनीकी बिड 13 अप्रैल को खोली गई । सभी पंजीकृत ठेकेदारों और फर्मों को निर्देश दिया गया है कि वे टेंडर फॉर्म, प्रोसेसिंग फीस और धरोहर राशि का भुगतान केवल निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आरटीजीएस या एनईएफटी मोड में करें। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि 10 लाख रुपये से अधिक की लागत वाले सभी कार्य टू-बिड सिस्टम के तहत होंगे और मानकों को पूरा न करने वाले आवेदनों को बिना किसी सूचना के खारिज किया जा सकता है ।

