n NBT न्यूज, गाजियाबाद
एमएमजी अस्पताल में प्रतिदिन 200 से 250 के बीच एक्स-रे किए जाते हैं, लेकिन एसी खराब होने के कारण सोमवार से मशीन बंद होने लगी। इससे मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अपने नंबर के लिए एक्स-रे रूम के बाहर मरीजों को एक से डेढ़ घंटे तक इंतजार करना पड़ रहा है। एक्स-रे रूम में लगे एसी के खराब होने से मशीन अधिक गर्म हो जाती है, जिसके चलते उसे बीच-बीच में बंद करना पड़ता है। मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
अस्पताल में बंदरों का आतंक : वहीं, अस्पताल में इन दिनों बंदरों का आतंक भी बढ़ता जा रहा है। परिसर में आए दिन बंदरों के हमले की घटनाएं सामने आ रही हैं। बुधवार को लैब के बाहर लाइन में लगे मरीजों पर बंदरों ने हमला कर दिया, जिसमें तीन बच्चे जख्मी हो गए। मरीजों और तीमारदारों के अनुसार, लैब में जांच कराने के लिए लंबी लाइन लगी थी। इसी दौरान अचानक बंदरों का झुंड वहां पहुंच गया और लोगों के हाथ से सामान छीनने लगा। घबराहट में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। सीएमएस राकेश कुमार ने बताया कि एसी को जल्द ठीक कराकर सुविधाओं को सुचारू किया जाएगा। बंदरों के आतंक को लेकर निगम में शिकायत की जा चुकी है।

