n NBT रिपोर्ट, इंदिरापुरम : ज्ञान खंड 4 स्थित पानी की टंकी वाले पार्क में जल निगम की तरफ से लगाया गया नया पंप हाउस पिछले छह महीनों से बंद पड़ा हुआ है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि पंप हाउस का निर्माण कार्य तो पूरा कर लिया गया, लेकिन आज तक बिजली कनेक्शन नहीं कराया गया, जिसके चलते यह पूरी तरह बेकार साबित हो रहा है। पंप हाउस शुरू नहीं होने से इलाके में पानी की समस्या जस की तस बनी हुई है। इसे लेकर कन्फेडरेशन ऑफ ट्रांस हिंडन आरडब्ल्यूए ने सोशल मीडिया पर शिकायत कर जल्द से जल्द पंप हाउस को बिजली कनेक्शन दिलाकर चालू कराने की मांग की है।
कन्फेडरेशन के कोऑर्डिनेटर कुलदीप सक्सेना ने बताया कि विभागीय लापरवाही के चलते इसका लाभ लोगों तक नहीं पहुंच पा रहा है। इसपर जलकल के सहायक अभियंता मयंक मिश्रा ने बताया कि बिजली के कनेक्शन के लिए विभाग ने आवेदन किया है। पीसी के बाद हमारी तरफ से पैसा जमा हो गया है। एक हफ्ते में मीटर यूनिट आदि आकर लग जाएगा। जब हमारा एक बार सेटअप तैयार हो जाता है तब बिजली विभाग आकर चेक करके कनेक्शन देता है।

