नोएडा एयरपोर्ट से 17 शहरों के लिए शुरू होगी फ्लाइट

नवभारतटाइम्स.कॉम

नोएडा एयरपोर्ट से मई के अंत तक 17 शहरों के लिए उड़ानें शुरू हो जाएंगी। रोजाना 60 से 70 फ्लाइट्स का संचालन होगा। सुरक्षा संबंधी आपत्तियों को दूर किया जा रहा है। एयरपोर्ट पर 25 और हैंगर बनाए जाएंगे, जिससे 50 विमान खड़े हो सकेंगे। अगस्त तक अंतरराष्ट्रीय टर्मिनल का काम पूरा हो जाएगा।

flights to 17 cities to start soon from noida airport flights may start by the end of may

n NBT रिपोर्ट, ग्रेटर नोएडा

नोएडा एयरपोर्ट का संचालन शुरू होने से पहले एयरपोर्ट सिक्यॉरिटी प्रोग्राम (ASP) का अप्रूवल जरूरी है। इसके बाद ही टिकट बुकिंग शुरू होगी। साथ ही यहां पर काम करने वाले सभी अधिकारियों व कर्मचारियों के आई कार्ड बन सकेंगे। साथ ही यहां काम करने वाली एजेंसियां एक्टिव हो सकेंगी। एयरपोर्ट से उड़ानें मई के अंतिम सप्ताह तक शुरू होने की उम्मीद है। यमुना इंटरनैशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड की मंगलवार को हुई बोर्ड बैठक में बताया गया कि शुरू में 17 बड़े शहरों के लिए रोजाना 60 से 70 फ्लाइट्स टेकऑफ और लैंड करेंगी। संचालन शुरू करने के लिए अगले 10 दिन में ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्यॉरिटी (BCAS) की आपत्तियों को दूर करने की कोशिश जारी है। लोकार्पण के बाद अब नोएडा एयरपोर्ट के संचालन का इंतजार है। दरअसल BCAS ने कुछ आपत्तियां लगाई थीं, जिनका निस्तारण जरूरी है। इसमें विदेशी सीईओ प्रमुख बिंदु है। यापल अब इन आपत्तियों का निस्तारण तेजी से कर रहा है। पहले जो आपत्तियां लगाई थीं, उनमें बाउंड्रीवॉल, वॉच टावर, सुरक्षा उपकरण को निस्तारित किया जा चुका है। इसके बाद BCAS ने कंडिशनल सिक्यॉरिटी क्लियरेंस दी थी।

25 हैंगर और बनाए जाएंगे

एयरपोर्ट में अभी 25 विमानों के खड़े होने की सुविधा है। यानी यहां पर 25 हैंगर बनाए गए हैं। एयरपोर्ट पर फ्लाइट की संख्या बढ़ेगी। विमानों को पार्किंग की जरूरत होगी। इसे देखते हुए एयरपोर्ट प्रबंधन ने यहां पर 25 और हैंगर बनाने की योजना बनाई है। इसकी तैयारी शुरू हो गई है। इनके बन जाने से यहां पर 50 विमान खड़े हो सकेंगे।

अगस्त तक इंटरनैशनल टर्मिनल

डोमेस्टिक के साथ ही इंटरनैशनल फ्लाइट भी यहां से चलेंगी। इसके लिए टर्मिनल बिल्डिंग में इंटरनैशनल टर्मिनल का भी काम तेजी से चल रहा है। अगस्त तक यह काम पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद इंटरनैशनल फ्लाइट शुरू किए जाने की तैयारी है।