NBT न्यूज, लखनऊ
डाक विभाग में न्यू पेंशन स्कीम (NPS) के ग्राहकों को इन दिनों बड़े संकट का सामना करना पड़ रहा है। लखनऊ GPO समेत अन्य डाकघरों में करीब एक दशक से चल रही NPS पिछले दस महीनों से बंद है। इसकी वजह है विभाग का नया सॉफ्टवेयर 'IT 2.0'। ग्राहकों का आरोप है कि नया सॉफ्टवेयर लागू होने के बाद NPS डिपॉजिट का ऑप्शन नहीं आ रहा है। जब ग्राहक काउंटर पर पहुंच रहे हैं, तो उन्हें सही जवाब नहीं देने की जगह ‘सुविधा बंद हो गई है’ कहकर लौटाया जा रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी उन ग्राहकों को हो रही है, जो ऑनलाइन पोर्टल की जगह डाकघर जाकर नकद या चेक से पैसा जमा करते हैं। उन्हें डाकघर के बार-बार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, पहले डाकघरों में CSI सॉफ्टवेयर के जरिए NPS का अंशदान आसानी से जमा हो जाता था। विभाग ने पिछले साल अगस्त में सिस्टम को अपग्रेड कर नया सॉफ्टवेयर 'IT 2.0' लागू किया है। तब दावा किया गया था कि इससे काम और आसान हो जाएगा, लेकिन ग्राहकों की मानें तो यह सॉफ्टवेयर सुविधा की जगह असुविधा बन गया है। हैरानी की बात यह है कि 10 महीने से पेश आ रही दिक्कत पर अधिकारी खामोश हैं, जिससे हजारों निवेशकों को अपने भविष्य की चिंता सता रही है।

