n NBT न्यूज, लखनऊ : आइटा मेंस टेनिस टूर्नामेंट में दांव पर लगी एक लाख रुपये की इनामी राशि के लिए खेले गए क्वॉर्टर फाइनल में ओम यादव ने दमदार प्रदर्शन किया और सेमीफाइनल में जगह बनाई। गैर वरीय यूपी के ओम यादव ने तमिलनाडु से दूसरे वरीय खिलाड़ी मुकिल रामानन के खिलाफ संघर्षपूर्ण मुकाबला जीतकर खिताबी दौर के लिए अपनी दावेदारी पेश की।
आशियाना स्थित उन्नाद टेनिस अकैडमी पर बुधवार एकल वर्ग के मुकाबले में ओम ने मुकिल के खिलाफ अपना सेट 4-6 से गंवा दिया। मुकिल ने ओम पर आसान जीत हासिल कर बढ़त ली। दूसरे सेट में मुकिल को ओम ने कड़ी टक्कर दी और ओम ने टाईब्रेक खेलते हुए 7-6(2) से जीत हासिल कर मुकाबले को बराबरी पर पहुंचाया। अंतिम व निर्णायक सेट में ओम ने पलटवार करते हुए मुकिल को हैरान कर दिया और 6-4 से जीत हासिल कर उलटफेर किया और सेमीफाइनल में जगह बनाई। शीर्ष वरीय दिल्ली के मयंक ने लगभग इकतरफा 6-1, 6-0 से गुजरात के देवराज गोहिल के खिलाफ मुकाबला जीता। वहीं, तीसरे वरीय महाराष्ट्र के पार्थ पाटिल और छठे वरीय पंजाब के आदित्य तिनजानी ने मुकाबले जीते और सेमीफाइनल का टिकट हासिल किया।
युगल वर्ग में मिली दोहरी सफलता : युगल वर्ग के क्वॉर्टर फाइनल में ओम व गोविंद मौर्या ने बिहार के वैभव सिंह व यूपी के दीपक यादव के खिलाफ 6-4, 7-5 से जीत हासिल कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया और दोहरी कामयाबी हासिल की। इसके अलावा, मयंक शर्मा व एकलव्य सिंह, प्रतीक शेरॉन, ध्रुव घंघास एवं पार्थ पाटिल व आदित्य तिनजानी ने भी अपने-अपने मुकाबलों में जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह बनाई।

