n NBT न्यूज, लखनऊ : जानकीपुरम विस्तार में पानी की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। करीब 70 हजार की आबादी पर पेयजल संकट मंडरा रहा है। खस्ताहाल टंकियों में लीकेज और लो-प्रेशर के कारण लोगों के घरों तक आपूर्ति को लेकर समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। जर्जर नलकूप आए दिन तकनीकी खामियों के चलते बंद हो रहे हैं। क्षेत्र के लोग जलापूर्ति की दिक्कत के स्थायी निस्तारण की मांग कर रहे हैं।
जानकीपुरम विस्तार में स्थानीय लोगों के अनुसार क्षेत्र में तकरीबन 26 साल पहले की आबादी के अनुसार पानी के इंतजाम किए गए थे, जो अब नाकाफी हैं। क्षेत्र में सेक्टर 3, 5 और 8 में तीन टंकियां हैं जबकि 16 नलकूप हैं। इनमें करीब डेढ़ साल पहले सेक्टर-3 में अलग-अलग क्षमता के लगाए गए 2 नलकूप अभी तक चालू ही नहीं हुए जबकि जलकल की टंकियों से लीकेज के चलते पानी टपकता रहता है। स्थानीय निवासी ज्ञान प्रकाश शुक्ला और गोपालजी निगम कहते हैं कि 26 साल में क्षेत्र में आबादी दोगुनी हो गई है, लेकिन पेयजल की क्षमता नहीं बढ़ाई जाएगी। इस कारण नलकूप और टंकियों से कई घरों तक लो प्रेशर से पानी पहुंच रहा है। सेक्टर 4 और 7 के लोग सुबह-शाम गंदे पानी की शिकायत कर रहे हैं।

