Rajesh.Saroha
@timesofindia.com
nNBT रिपोर्ट, नई दिल्ली: दिल्ली का नया मेयर कौन होगा, आज इस सस्पेंस से पर्दा उठ जाएगा। चूंकि आम आदमी पार्टी अपना कोई उम्मीदवार खड़ा नहीं कर रही है और कांग्रेस या किसी निर्दलीय या बागी उम्मीदवार के पास पर्याप्त नंबर नहीं होंगे, ऐसे में यह तो तय है कि नया मेयर बीजेपी का ही होगा, लेकिन वह कौन होगा, इसको लेकर पार्टी में सीनियर लेवल पर आम राय बुधवार देर शाम तक नहीं बन पाई।
अब गेंद केंद्रीय नेतृत्व के पाले में है, जो मेयर पद के प्रत्याशी के नाम पर मुहर लगाएगा। चूंकि आज नामांकन दाखिल करने का आखिरी दिन है, ऐसे में आज दोपहर तक तस्वीर साफ हो जाएगी और अगर कोई अन्य उम्मीदवार नॉमिनेशन दाखिल नहीं करता है, तो नए मेयर का निर्विरोध निर्वाचन हो जाएगा। जहां तक दावेदारों का सवाल है, तो पार्टी सूत्रों ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान मेयर राजा इकबाल सिंह को मेयर रूप में दोबारा मौका तो नहीं मिलने जा रहा, लेकिन अनुभव को देखते हुए उन्हें निगम में कोई और महत्वपूर्ण पद दिया जा सकता है। मेयर पद की दौड में डिप्टी मेयर जयभगवान यादव और स्टैंडिंग कमिटी के मेंबर रहे इंद्रजीत सहरावत को प्रबल दावेदार माना जा रहा है। हालांकि, नेता सदन प्रवेश वाही का नाम भी चर्चा में बना हुआ है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि नए मेयर का नाम फाइनल करने के लिए दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष के नेतृत्व में जो कमिटी गठित की गई थी, उसमें भी जयभगवान यादव का नाम प्रमुखता से उभरा है। वहीं, डिप्टी मेयर पद पर पार्टी किसी युवा चेहरे को मौका दे सकती है।
एमसीडी में 250 निगम पार्षदों में से बीजेपी के 123 पार्षद हैं। इनमें से लगभग 28 पार्षद काफी सीनियर है। लगभग आधे पार्षद ऐसे हैं, जो तीसरी बार चुनाव जीतकर पहुंचे है, लेकिन पार्टी अपने सीनियर निगम पार्षदों के साथ-साथ इस बार कुछ नए और युवा चेहरों को भी मौका देने पर विचार कर रही है। ऐसे में डिप्टी मेयर और एजुकेशन, हेल्थ, डेम्स और वर्क्स जैसी महत्वपूर्ण कमिटियों के अलावा सभी 12 जोनों के चेयरमैन और डिप्टी चेयरमैन पद के लिए भी अनुभवी पार्षदों के साथ-साथ युवा पार्षदों के नामों को भी तरजीह दी जा रही है।

