GMDA साढ़े तीन हज़ार करोड़ रुपये से देगी शहर के विकास को रफ्तार

नवभारतटाइम्स.कॉम

गुड़गांव मेट्रोपॉलिटन डिवेलपमेंट अथॉरिटी (जीएमडीए) ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए साढ़े तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक का अनुमानित बजट तैयार किया है। इस बजट में सड़क अवसंरचना और जल आपूर्ति, सीवेज व जल निकासी प्रणालियों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

gmdas 3555 crore budget gurugrams development to get new momentum heavy spending on infra

n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव

वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए गुड़गांव मेट्रोपॉलिटन डिवेलपमेंट अथॉरिटी (GMDA) ने अनुमानित बजट तैयार कर लिया है। हालांकि फाइनल मुहर अथॉरिटी की होने वाली मीटिंग में ही लगेगी। अगले माह की शुरुआत में यह मीटिंग हो सकती है, इसकी अध्यक्षता मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करेंगे। मौजूदा वित्त वर्ष के लिए जीएमडीए ने 3 हजार 555 करोड़ का अनुमानित बजट तैयार किया है। इसमें रोड इन्फ्रास्ट्रक्चर पर 1 हजार 263 करोड़ रुपये खर्च होंगे। जबकि वॉटर सप्लाई, सीवेज और ड्रेनेज सिस्टम के लिए 1 हजार 477 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है।

रोड इंफ्रा के लिए तय रकम में सबसे ज्यादा SPR एलिवेटिड कॉरिडोर पर एक हजार 65 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। यह वाटिका चौक से घाटा तक आठ लेन का कॉरिडोर बनेगा। इसके टेंडर लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके अलावा आंबेडकर चौक, दादी सती चौक, बख्तावर चौक और बसई के पास गढ़ी रेलवे क्रॉसिंग पर बनने वाले फ्लाईओवर पर 302 करोड़ रुपये खर्च होंगे। बसई वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट में 100 MLD के प्लांट पर 247 करोड़ खर्च होंगे। इसमें फिल्टर यूनिट, अंडर ग्राउंड टैंक आदि पूरा प्लांट होगा। इसके अलावा चंदू वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट में 78 करोड़ रुपये खर्च हाेंगे। यह प्रॉजेक्ट भी अनुमानित बजट में मंजूरी के लिए रखे जाएंगे। इसके अलावा अन्य विकास कार्यों के लिए 2025 में बने एस्टीमेट में 50 फीसदी इजाफा कर इनका बजट 370 करोड़ से बढ़ाकर 556 करोड़ रखा गया है।

GMDA के एक अधिकारी ने बताया कि मौजूदा वित्त वर्ष का बजट तैयार कर लिया गया है। इसको लेकर जल्द ही होने वाली अथॉरिटी की मीटिंग में मंजूरी के लिए रखा जाएगा। यह मीटिंग सीएम की अध्यक्षता में होगी।