nNBT न्यूज, मड़ियांव
मड़ियांव कोतवाली के केशवनगर गल्ला गोदाम में गुरुवार शाम को भीषण आग लग गई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
ऐशबाग निवासी अमित अग्रवाल का केशवनगर में अमित ट्रेडर्स के नाम से गल्ला का गोदाम है। अमित अग्रवाल के अनुसार 2 सौ वर्गमीटर में उनका गोदाम है। गुरुवार को गोदाम बंद रहता है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गोदाम के पास सड़क किनारे कूड़े के ढेर में आग लगी थी। आग की चिंगारी से गोदाम में रखा प्लाईबोर्ड, गल्ला से खाली हुई प्लास्टिक व टाट की बोरियां चल कर राख हो गई। गोदाम के पास खड़ा एक छोटा हाथी डाला व मजदूरों का सामान भी जलकर राख हो गया।
रात में लगती तो होता बड़ा हादसा : गल्ला गोदाम में टीन सेड के नीचे रात को 10-12 मजदूर रहते है। गुरुवार छुट्टी की वजह से कुछ मजदूर गांव चले गए थे। बहराइच निवासी रमेश, हरिओम, मंशाराम, ठाकुर ने बताया कि अगर आग रात हो लगती तो बड़ा हादसा हो जाता, गल्ला की बोरियों के नीचे डालने के लिए प्लाई बोर्ड व खाली बोरियां रखी हुए थी।


