टीचर के घर से 200 ग्राम सोने के बिस्किट और कैश ले गए चोर

नवभारतटाइम्स.कॉम

शहर के ज्योति पार्क में एक टीचर के घर से चोरों ने दिनदहाड़े करीब 200 ग्राम सोने के बिस्किट और हजारों रुपये की नकदी चुरा ली। चोरों ने घर का ताला तोड़कर अलमारी से कीमती सामान पार किया। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।

200 gram gold biscuits and cash stolen from teachers house in jyoti park police investigating

n NBT रिपोर्ट, ज्योति पार्क

शहर के ज्योति पार्क में दिनदहाड़े चोर एक घर का ताला तोड़कर करीब 200 ग्राम सोने के बिस्किट, सोने की अंगूठी और हजारों रुपये ले गए। न्यू कॉलोनी पुलिस ने टीचर की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

पीड़िता रश्मि का घर ज्योति पार्क गली नंबर-7 में है। रश्मि फलसवाल ने पुलिस को बताया कि वह सेक्टर-4 स्थित स्कूल में टीचर हैं। गुरुवार सुबह 7:12 बजे वह बेटी रिशा के साथ स्कूल चली गईं। पति हरविंदर भी सुबह 9:50 बजे दिल्ली स्थित ऑफिस के लिए निकल गए थे, जिसके बाद घर पर कोई नहीं था। दोपहर 2:45 बजे रश्मि स्कूल से लौटीं तो घर का लोहे का गेट खुला था और अंदर के दरवाजे का कुंडा टूटा था। कमरे में पहुंचीं तो देखा कि लोहे की अलमारी के दरवाजे खुले थे और सामान बिखरा था। पीड़िता के मुताबिक, पता चला कि चोर वहां से 100-100 ग्राम सोने के दो बिस्किट, सोने की अंगूठी और 35 से 40 हजार रुपये ले गए। बताया जा रहा है कि सोने के बिस्किट पीड़ित की माता ने साल 2003 में बनवाए थे। जांच अधिकारी एसआई नरेश के नेतृत्व में टीम घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुटी है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।