n NBT न्यूज, फरीदाबाद
जिले के सोतई गांव स्थित शहीद नायक रघुवीर सिंह राजकीय उच्च विद्यालय में अनुशासनहीनता का गंभीर मामला सामने आया है। पीटी टीचर रामजीत सिंह कर्दम और लैब असिस्टेंट जितेंद्र पर स्कूल परिसर में शराब पीने का आरोप लगा है। वहीं विरोध करने पर स्कूल इंचार्ज डॉ. अशोक कुमार के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार किए जाने की भी शिकायत है। जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब 1:05 बजे स्कूल इंचार्ज डॉ. अशोक कुमार क्लर्क प्रवीण यादव और प्राइमरी विंग इंचार्ज अनिल कुमार के साथ स्पोर्ट्स रूम की जांच के लिए पहुंचे थे। आरोप है कि वहां पीटी टीचर और लैब अटेंडेंट शराब पीते हुए मिले। उनके बैग से दो शराब की बोतलें भी बरामद होने की बात कही जा रही है।
डॉ. अशोक कुमार का आरोप है कि जब उन्होंने शराब की बोतलों वाला बैग उठाया, तो दोनों आरोपियों ने उनके साथ हाथापाई की। इसके बाद स्टाफ मीटिंग के दौरान भी मामला बढ़ गया, जहां आरोप है कि आरोपियों ने बोतल में बची शराब उन पर फेंक दी और जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद स्कूल इंचार्ज समेत अन्य स्टाफ ने पूरे मामले की लिखित शिकायत जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय और ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, फरीदाबाद व बल्लभगढ़ को दी है। उप जिला शिक्षा अधिकारी संदेश सोलंकी ने पुष्टि की कि शिकायत मिल चुकी है और जांच के लिए जल्द ही कमेटी गठित की जाएगी। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।वहीं, लैब असिस्टेंट जितेंद्र ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि उनके खिलाफ कोई ठोस सबूत नहीं है और निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। फिलहाल, मामले की जांच सोमवार से शुरू होने की बात कही जा रही है, जिसके बाद ही सच्चाई सामने आएगी।




