n NBT न्यूज, फरीदाबाद
हाई कोर्ट के निर्देशों के तहत लाइसेंस कॉलोनियों और सेक्टरों की अंदरूनी सड़कों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई फिलहाल थम गई है। पिछले दो दिनों से किसी भी विभाग ने तोड़फोड़ अभियान नहीं चलाया है, हालांकि अधिकारियों का कहना है कि यह सिर्फ अस्थायी विराम है और अगले सप्ताह से फिर कार्रवाई शुरू की जाएगी। फिलहाल अधिकारियों ने खुद ही अपने घरों के बाहर से कब्जे व अतिक्रमण हटाने की अपील की है। सोमवार को मुनादी कराकर लोगों से कब्जा हटाने की अपील की जाएगी।
दरअसल, स्टिल्ट प्लस फोर निर्माण से जुड़े मामले में हाई कोर्ट ने साफ निर्देश दिए थे कि कॉलोनियों और सेक्टरों की सड़कों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया जाए। इसके बाद डिस्ट्रिक्ट टाउन प्लानर (एनफोर्समेंट) ने सोमवार से ग्रेटर फरीदाबाद की कॉलोनियों में अभियान शुरू किया था। तीन दिनों तक चली कार्रवाई में करीब 450 मकानों के बाहर से अवैध कब्जे हटाए गए। बुधवार को अंतिम कार्रवाई के बाद फिलहाल इस पर ब्रेक लगा दिया गया। वहीं, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) ने भी गुरुवार को दो सेक्टरों में अभियान चलाकर करीब 200 मकानों से अतिक्रमण हटाया, लेकिन एक दिन बाद ही इसे रोक दिया गया।




