n NBT न्यूज, गुड़गांव
सेक्टर-56 में पेड़ के कथित तौर पर अवैध कटान के मामले में केंद्र सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। पर्यावरण, वन व जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के चंडीगढ़ के क्षेत्रीय कार्यालय की ओर से हरियाणा वन विभाग को पत्र जारी कर पूरे मामले पर 15 दिन में तथ्यात्मक रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं। कहा कि शिकायत के आधार पर कार्रवाई की गई है। आरोप लगाया गया है कि शहर में बकाइन के पेड़ों की अवैध कटाई की गई ,जबकि मामला पहले से ( NGT ) में विचाराधीन है। मंत्रालय ने साफ किया है कि इस मामले को प्राथमिकता के आधार पर देखा जाए। शिकायतकर्ता वैशाली राणा ने मांग की कि वन विभाग साफ करे कि अब तक इस मामले में दोषियों के खिलाफ क्या कदम उठाए गए हैं। DFO राज कुमार का कहना है कि बकाइन छूट प्राप्त पौधा है। उसे काटने के लिए किसी अनुमति की जरुरत नहीं है। ऐसे में इस मामले पर सम्बंधित लोगो पर कोई मामला नहीं बन रहा है।
पीपल का पेड़ काटने पर कार्रवाई तेज : वहीं, सेक्टर-56 के न्यू आनंद अपार्टमेंट एरिया में बिना अनुमति पीपल के पेड़ की छंटाई के मामले में वन विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। हरियाणा वन विभाग ने संबंधित लोगों के खिलाफ फॉरेस्ट ऑपरेशनल रिपोर्ट (FOR) दर्ज कर ली है। DFO राज कुमार के अनुसार क्षेत्र में बिना अनुमति पेड़ों की छंटाई किए जाने की शिकायत मिली थी जिसके बाद जांच कर कार्रवाई की गई।



