n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
कमर्शल गैस सिलिंडरों की आपूर्ति बहाल होने से शहर के होटल, रेस्तरां और ढाबा संचालकों को राहत मिली है। हालांकि अब कारोबारियों को खपत का पूरा ब्योरा देना होगा, इसके आधार पर सिलिंडर दिया जाएगा। जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक विभाग के अनुसार फिलहाल होटल, रेस्तरां और ढाबों में इस्तेमाल होने वाली गैस के 70% इस्तेमाल की मंजूरी दी गई है। विभाग के सब इंस्पेक्टर राकेश कुमार ने बताया कि अब रेस्टोरेंट और ढाबा संचालकों को पिछले महीने की गैस खपत का पूरा रिकॉर्ड देना होगा। इसी आधार पर यह तय किया जाएगा कि उन्हें कितनी मात्रा में सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएंगे। विभाग रोजाना एजेंसियों से सप्लाई और स्टॉक की रिपोर्ट भी ले रहा है।
शहर में कमर्शल सिलिंडर के स्टॉक की स्थिति : आंकड़ों के अनुसार शुक्रवार को इंडियन ऑयल की ओर से 636 कनेक्शन कमर्शल सिलिंडर के दिए गए, 56 सिलिंडर वितरित किए और 896 सिलिंडर स्टॉक में हैं। वहीं, भारत पेट्रोलियम ने 312 कनेक्शन दिए और 367 सिलेंडर वितरित किए गए। 573 स्टॉक में हैं। हिंदुस्तान पेट्रोलियम ने 60 कनेक्शन जारी किए, 40 सिलिंडर वितरित हुए और 173 कमर्शल सिलिंडर स्टॉक में रहे।




