n NBT न्यूज, लोनी
नसबंदी कॉलोनी के सामने नाकामी से बने मौत दलदल में डूबकर तीन लोगों की जान जाने के बाद जिम्मेदार जागे हैं। इस दलदल में छह साल के बच्चे आतिफ, हिस्ट्रीशीटर सादान और सादान का शव निकालने के चक्कर में गोताखोर सरताज की मौत हो गई थी। इसके बाद नगर पालिका के ईओ केके मिश्रा मौके पर पहुंचे थे, जहां उन्हें लोगों की नाराजगी झेलनी पड़ी थी। इसके बाद उन्होंने दलदल के किनारे तार बाउंड्री लगाने के लिए गड्ढे खुदवाने शुरू कर िदए थे। शुक्रवार को लुहार के यहां लोहे की एंगल बनवाई गई थीं, जो शनिवार को तैयार हो गईं। अब उन्हें गड्ढे में डालकर सीमेंट कंक्रीट से जाम किया जा रहा है।
ईओ ने बताया के रविवार तक काम पूरा हो जाएगा। श्मशान घाट के खुले गेट में भी ताला लगाकर चाबी जिम्मेदार को सौंप दी गई है, जिससे वहां कोई न जा सके। श्मशान की बाउंड्री के अंदर दलदल के किनारे पड़े कूड़े को जेसीबी समतल कराया जा रहा है, जिससे पक्की सतह का आभास हो सके।




