NBT न्यूज, चंडीगढ़
चंडीगढ़ में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने शनिवार को प्रदेश में गेहूं की पैदावार तथा खरीद को लेकर विपक्ष द्वारा किए जा रहे दावों को खारिज करते हुए साफ किया है कि प्रदेश में गेहूं उत्पादन के मामले में पिछले चार वर्षों का रिकॉर्ड टूटा है। शनिवार को चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री ने गेहूं खरीद तथा प्रबंधों को लेकर एक रिपोर्ट जारी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे प्रदेश के राजा नहीं, बल्कि एक किसान के बेटे हैं। उन्होंने स्वयं खेती की है। इसलिए किसानों की समस्याओं से भलीभांति परिचित है। वे किसानों की समस्याओं का समाधान करने के लिए सदैव तत्परता से लगातार कार्य कर रहे हैं।
सैनी ने बताया कि प्रदेश की सभी 416 मंडियों तथा 128 खरीद केंद्रों में अब तक 81 लाख 48 हजार मीट्रिक टन गेहूं की आवक हुई है। पिछले साल इस सीजन में अब तक 72 हजार 89 मीट्रिक टन गेहूं खरीदा गया था। अब तक पांच लाख 80 हजार किसान अपनी फसल लेकर मंडियों में आए हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक 79 लाख 14 हजार मीट्रिक टन गेहूं का बायोमेट्रिक सत्यापन हो चुका है। यह कुल आवक का 97 प्रतिशत है। प्रदेश की मंडियों में अब तक कुल 70 लाख 23 हजार मीट्रिक टन की खरीद हो चुकी है। सीजन के दौरान कुल 13 लाख 47 हजार किसानों को डिजिटल गेट पास जारी किए गए हैं। 332 सीसीटीवी लगाए गए।




