श्रमिक खुश तो उद्योग मजबूत: पुलिस कमिश्नर

नवभारतटाइम्स.कॉम

नोएडा में पुलिस और उद्योग जगत के बीच अहम बैठक हुई। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने कहा कि श्रमिक खुश और सुरक्षित रहेंगे तो उद्योग मजबूत होंगे। उन्होंने न्यूनतम मजदूरी में 21 प्रतिशत बढ़ोतरी को ईमानदारी से लागू करने की अपील की। बेहतर संवाद से विवाद टलेंगे। पुलिस औद्योगिक क्षेत्रों की सुरक्षा को लेकर गंभीर है।

industry will strengthen with the happiness of workers police commissioner laxmi singh

n NBT रिपोर्ट, नोएडा : सेक्टर-108 स्थित पुलिस कमिश्नर कार्यालय में शुक्रवार को पुलिस और उद्योग जगत के बीच तालमेल मजबूत करने के लिए अहम मीटिंग हुई। इसमें कई बड़ी मल्टिनैशनल कंपनियों के मैनेजिंग डायरेक्टर, सीईओ, एचआर हेड और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। बैठक का मुख्य फोकस श्रमिकों की सुरक्षा, बेहतर कार्यस्थल और औद्योगिक क्षेत्र में शांति बनाए रखना रहा। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने मीटिंग के दौरान सभी उद्योग प्रतिनिधियों से साफ कहा कि श्रमिकों की सुरक्षा और संतुष्टि के बिना उद्योगों का विकास संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर मजदूर खुश और सुरक्षित रहेंगे, तभी कंपनियां बेहतर तरीके से आगे बढ़ सकेंगी और औद्योगिक माहौल भी मजबूत होगा। बैठक के दौरान पुलिस कमिश्नर ने अधिकारियों के साथ खुलकर बातचीत की और उनकी समस्याएं व सुझाव ध्यान से सुने। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भी कार्यस्थल की सुरक्षा श्रमिकों की सुविधाएं ट्रैफिक व्यवस्था और श्रमिक प्रबंधन से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। कमिश्रनर ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार ने हाल ही में न्यूनतम मजदूरी में 21 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। उन्होंने कंपनियों से अपील की कि वो इस फैसले को पूरी ईमानदारी से लागू करें और श्रमिकों को उनके अधिकारों के बारे में जागरूक भी करें। उन्होंने कहा कि उद्योगों और श्रमिकों के बीच बेहतर संवाद बेहद जरूरी है, ताकि किसी भी तरह का विवाद पैदा न हो और कामकाज बिना रुकावट चलता रहे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पुलिस प्रशासन औद्योगिक क्षेत्रों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह गंभीर है और लगातार जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।