n NBT न्यूज, नोएडा/ग्रेनो : शनिवार को भीषण गर्मी और लू के प्रकोप से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित रहा। चिलचिलाती धूप और चिलचिलाती गर्म हवाओं के कारण दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। शनिवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा, जबकि न्यूनतम तापमान 30 से 32 डिग्री के बीच बना रहा। मौसम विभाग ने क्षेत्र में हीटवेव को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है और आगामी दिनों में भी राहत की उम्मीद कम जताई है। बढ़ती गर्मी के साथ-साथ शहर की वायु गुणवत्ता (AQI) में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, ग्रेटर नोएडा का एक्यूआई 326 और नोएडा का 284 रहा। भीषण गर्मी और प्रदूषण के दोहरे वार को देखते हुए जिला प्रशासन ने अडवाइजरी जारी की है। अधिकारियों ने अपील की है कि वे दोपहर 12 से 4 बजे के बीच अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें।




