n NBT रिपोर्ट, पालम विहार
सेक्टर-22B में एक हादसे में करीब साढ़े तीन साल की बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस को मिली शिकायत के अनुसार, डिलिवरी बॉय ने लापरवाही से स्कूटी चलाते हुए घर के बाहर खेल रही बच्ची को टक्कर मार दी। इलेक्ट्रिक स्कूटी का पहिया बच्ची की गर्दन के ऊपर से गुजर गया। इससे मासूम के सिर में दो फ्रैक्चर आए हैं।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित पिता आशुतोष चुघ ने बताया कि 13 अप्रैल की शाम साढ़े तीन साल की बेटी अनिका घर के बाहर खेल रही थी, तभी एक इलेक्ट्रिक स्कूटी पर सवार डिलिवरी बॉय ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में बच्ची के सिर में दो फ्रैक्चर आए हैं। उसकी गर्दन, कंधे व पैरों में गंभीर चोटें लगी हैं। बच्ची को पालम विहार के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वह दो दिन तक ICU में रही। बताया जा रहा है कि बच्ची को पूरी तरह ठीक होने में कुछ समय लग सकता है और डॉक्टर्स ने एक से तीन साल तक बच्ची पर नजर रखने की सलाह दी है। फिलहाल मामले की जांच एएसआई हरिकिशन को सौंपी गई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी डिलिवरी बॉय के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




