n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स के पदों पर इनरोलमेंट 2025 की लिखित परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नकलविहीन ढंग से सम्पन्न करवाने के लिए डीएम और जेसीपी एलओ ने शुक्रवार को परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। जिले में 55 केंद्रों पर यह परीक्षा 25 से 27 अप्रैल तक आयोजित की जा रही है।
डालीगंज स्थित जेसीपी एलओ कार्यालय में परीक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए जिला स्तरीय कंट्रोल रूम बनाया गया है। यहां से सभी 55 परीक्षा केंद्रों की सीसीटीवी कैमरों से लाइव स्मार्ट मॉनिटरिंग की जा रही है।
डीएम विशाख जी और जेसीपी एलओ बबलू कुमार ने कंट्रोल रूम की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को सतर्क निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। उसके बाद नबीउल्लाह रोड स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। यहां परीक्षा कक्षों, पर्यवेक्षकों की तैनाती और अन्य व्यवस्थाओं की जांच की गई। उसके बाद राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज शाहमीना रोड स्थित केंद्रों का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने बताया कि जिले में प्रति पाली कुल 22,272 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हो रहे हैं।




