n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद : एनआईटी इलाके में टायर टेंडर दिलाने का झांसा देकर एक व्यापारी से 6,64,820 रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित व्यापारी की शिकायत मिलने के बाद साइबर थाना एनआईटी पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-23ए निवासी एक व्यापारी ने बताया कि 17 अप्रैल को वह अपनी टायर व ट्यूब की दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान उन्हें एक मोबाइल नंबर से कॉल आया, जिसमें कॉलर ने खुद को एक टायर कंपनी का अधिकारी बताते हुए कहा कि इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन की ओर से 20 हजार टायरों का बड़ा टेंडर जारी होना है। इसके बाद दूसरे नंबर से कॉल कर एक व्यक्ति ने खुद को आईओसीएल का अधिकारी बताते हुए उनसे संपर्क किया और जल्द से जल्द वेंडर रजिस्ट्रेशन कराने के लिए कहा। आरोपी ने बैंक गारंटी के नाम पर 3 लाख 32 हजार 410 रुपये एक बैंक खाते में ट्रांसफर करने को कहा।
भरोसा होने पर पीड़ित ने बताए गए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के खाते में यह रकम ट्रांसफर कर दी। इसके बाद आरोपी ने भुगतान समय सीमा का बहाना बनाते हुए 20 अप्रैल को दोबारा उतनी ही रकम जमा करवा ली। लगातार संपर्क में रहकर आरोपी ने पीड़ित को दूसरी फर्म रजिस्टर कराने के नाम पर 5 लाख 37 हजार 216 रुपये और जमा कराने के लिए कहा। इस दौरान शक होने पर पीड़ित ने बैंक मैनेजर से सलाह ली, जहां खाते को संदिग्ध बताया गया। पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ और उसने तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।

