n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : महिला आरक्षण को लेकर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से रविवार को ‘महिला आरक्षण अधिनियम: सम्मान या छलावा’ विषय पर संगोष्ठि का आयोजन किया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि 2023 में महिला आरक्षण बिल पास होने के बावजूद मोदी सरकार उसे लागू नहीं कर रही है।
राष्ट्रीय महासचिव व यूपी प्रभारी अविनाश पांडे ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा महिलाओं को बराबरी का हक दिया है, लेकिन बीजेपी सिर्फ राजनीति कर रही है। अभी की लोकसभा सीटों में तुरंत महिला आरक्षण लागू किया जाए। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि जो पीएम अपनी पत्नी को सम्मान नहीं दे सके, वे महिलाओं को सम्मान देने का दिखावा कर रहे हैं। पूर्व कुलपति रूपरेखा वर्मा ने कहा कि परिसीमन अलग मुद्दा है, महिला आरक्षण अलग, लेकिन भाजपा जानबूझकर इसे टाल रही है। नेता विधानमंडल दल आराधना मिश्रा मोना ने सवाल किया कि क्या भाजपा किसी महिला को राष्ट्रीय अध्यक्ष या प्रधानमंत्री बनाएगी। संगोष्ठी में महिलाओं ने बराबरी के अधिकार की मांग दोहराई। कांग्रेस प्रवक्ता अंशू अवस्थी ने इसकी जानकारी दी।

