n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स एनरॉलमेंट–2025 की लिखित परीक्षा के दूसरे दिन गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। बरेली व गाजियाबाद से दो अभ्यर्थियों को फर्जीवाड़े के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के मुताबिक, 26 अप्रैल को प्रदेश के 74 जिलों में 1053 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में लिखित परीक्षा आयोजित की गई। इस दिन कुल 8,44,066 अभ्यर्थियों को परीक्षा के लिए बुलाया गया था, जिनमें से 6,49,435 (करीब 77 प्रतिशत) अभ्यर्थी उपस्थिति दर्ज की गई। परीक्षा के दौरान सोशल मीडिया के जरिए गलत सूचना फैलाने और माहौल बिगाड़ने की कोशिशों पर लगातार नजर रखी गई।
भ्रामक जानकारी फैलाने के मामले में लखनऊ कमिश्नरेट के थाना हुसैनगंज में कार्रवाई की गई है। यहां यूट्यूब चैनल “Arjun with Rojgar” और टेलीग्राम चैनल “UP Home Guard Paper” पर परीक्षा से जुड़ी गलत और गुमराह करने वाली सूचनाएं फैलाने के आरोप में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
वहीं, बरेली में किसी और की जगह परीक्षा देने का गंभीर मामला सामने आया। साहू गोपीनाथ कन्या इंटर कॉलेज में परीक्षा दे रहे एक अभ्यर्थी अनुराग पुत्र राज बहादुर की जांच के दौरान पता चला कि वह एक दिन पहले पीलीभीत रोड स्थित दूसरे परीक्षा केंद्र पर भी परीक्षा दे चुका है। जांच में बायोमेट्रिक और फोटो रेकॉर्ड एक जैसे पाए गए, जबकि नाम में अंतर था। इस पर कोतवाली बरेली में मुकदमा दर्ज कर आरोपित को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस भर्ती बोर्ड ने साफ कहा है कि परीक्षा की निष्पक्षता से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे अफवाहों और गलत तरीकों से दूर रहें।

