n नवीन निश्चल, एयरपोर्ट
इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शनिवार देर रात एक फ्लाइट को लेकर फुल इमरजेंसी की सूचना मिलते ही हड़कंप मच गया। दिल्ली से ज्यूरिख जाने वाली फ्लाइट में 13 क्रू मेंबर और 4 बच्चे सहित कुल 232 यात्री सवार थे। सभी सकुशल हैं, लेकिन तकरीबन 1 घंटे 16 मिनट तक रनवे नंबर 28 पर अफरातफरी का माहौल रहा।
फायर कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार रात 2:04 बजे आईजीआई एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी की सूचना मिली थी। तुरंत फायर ब्रिगेड की 5 गाड़ियां भेजी गईं। रनवे पर सभी सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। निश्चित रनवे पर मौजूद विमान से यात्रियों को स्लाइड्स के सहारे बाहर निकाला गया। इस प्रक्रिया में 1 घंटे से ज्यादा का समय लग गया। फायर अधिकारी ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि रविवार तड़के 3:20 बजे सभी को सकुशल प्लेन से निकाल लिया गया था।
जानकारी के अनुसार, रनवे नंबर 28 पर टेकऑफ करने के दौरान फ्लाइट के लैंडिंग गियर में हाइड्रोलिक प्रॉब्लम आ गई थी। जिसकी वजह से इसे टेकऑफ नहीं कराया गया। एक पहिए से धुआं निकलने की वजह से पायलट ने टेकऑफ कैंसल कर फ्लाइट को रोकने का फैसला किया और तुरंत सूचना संबंधित अधिकारियों को दी। यह फ्लाइट नंबर LX147 दिल्ली से ज्यूरिख जाने वाली रात एक बजे की फ्लाइट थी।

