n NBT न्यूज, ग्रेनो वेस्ट
ग्रेटर नोएडा वेस्ट को गाजियाबाद के लालकुआं से सीधे जोड़ने वाले रास्ते से जाम की समस्या खत्म होगी। इस रोड को चार लेन का बनाने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने टेंडर जारी कर दिया है। एक से दो महीने में काम शुरू होने की उम्मीद है। ग्रेटर नोएडा वेस्ट में एक मूर्ति चौक से जलालपुर होते हुए छपरौला और जीटी रोड तक सड़क बनी है। रोजा जलालपुर रेलवे फाटक से जीटी रोड तक रोड संकरी होने से हर रोज जाम लगता है। छपरौला में बड़ी संख्या में औद्योगिक इकाइयां हैं। इसे देखते हुए प्राधिकरण ने रेलवे पुल (बिसरख रोड) से एनएच-91 के बीच की सड़क को चौड़ा करने का निर्णय लिया है। वर्तमान में दो लेन की इस सड़क को चार लेन का किया जाएगा। दोनों तरफ एक- एक लेन नई सड़क बनाने के साथ डिवाइडर का निर्माण किया जाएगा। यह सड़क छपरौला पुलिस चौकी के पास एनएच-91 से जुड़ती है। वरिष्ठ प्रबंधक प्रभात शंकर ने बताया कि रेलवे पुल से एनएच-91 के बीच की सड़क लगभग एक किमी लंबी है। इसे चार लेन का किया जाना है।

