सोशल मीडिया पर युवतियों की फर्जी ID से बिछाया जा रहा जाल

नवभारतटाइम्स.कॉम

सोशल मीडिया पर ठगों ने नया जाल बिछाया है। वे लड़कियों के नाम से फर्जी आईडी बनाकर लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजते हैं। इसके बाद वॉट्सऐप पर बात करने का लालच देकर पैसे ठगते हैं। ऑडियो और वीडियो कॉल के नाम पर अलग-अलग रेट तय होते हैं। पेमेंट के लिए बार-बार क्यूआर कोड बदलकर पैसे वसूले जाते हैं।

new trap of fraud on social media with fake ids of girls be alert

NBT रिपोर्ट, नोएडा : सोशल मीडिया पर अपराधियों ने ठगी का नया जाल बिछाया है। ये ठग लड़कियों के नाम से फर्जी अकाउंट बनाकर लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजते हैं, उनके पोस्ट्स पर अश्लील कमेंट करते हैं और फिर सीधे वॉट्सऐप पर बात करने का लालच देते हैं। हैलो का मैसेज भेजते ही ये ठग एक रेट लिस्ट भेजते हैं, जिसमें ऑडियो और विडियो कॉल के लिए 100 से 300 रुपये तक के अलग-अलग रेट लिखे होते हैं। इसके बाद पेमेंट के नाम पर लगातार क्यूआर कोड बदलकर पैसे वसूले जाते हैं।

सेक्टर-93 के श्रमिक कुंज निवासी चेतन चौहान इसी का शिकार हुए। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक अश्लील कमेंट पर क्लिक किया और वॉट्सऐप लिंक पर पहुंच गए। ठगों ने युवती की आवाज में ऑडियो भेजकर उन्हें झांसे में लिया। 10 मिनट की बात के लिए 200 रुपये की जगह 50 रुपये में सौदा तय हुआ, लेकिन बाद में एक्स्ट्रा चार्ज और रिफंड के नाम पर उनसे 650 रुपये ठग लिए गए। पैसे वापस मांगने पर उन्हें ब्लॉक कर दिया गया। इसी तरह सेक्टर-128 के बैंककर्मी अटल चौधरी ने बताया कि ठग हर पेमेंट के लिए नया क्यूआर कोड भेजते हैं और समय सीमा खत्म होने का नाटक कर दोबारा पैसे मांगते हैं। सेक्टर-36 साइबर थाना पुलिस के अनुसार, एक अन्य पीड़ित से विडियो कॉल और सिक्योरिटी मनी के नाम पर साढ़े चार हजार रुपये ठग लिए गए। बदनामी और लोक-लाज के डर से अधिकांश पीड़ित पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराने नहीं पहुंचते, जिसका फायदा ठग उठाते हैं।

साइबर डीसीपी शैव्या गोयल ने नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि किसी भी आकर्षक फोटो वाले अनजान अकाउंट की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करें और न ही विडियो कॉल के नाम पर ऑनलाइन पेमेंट करें।