n टीम NBT, नोएडा/ग्रेनो
गर्मी शुरू होते ही नोएडा से लेकर ग्रेटर नोएडा तक बिजली कटौती और ट्रिपिंग से हाहाकार मच गया है। ग्रेटर नोएडा वेस्ट एरिया में कई जगह पर रविवार को भीषण गर्मी के बीच लोगों को बिजली सप्लाई बाधित होने के कारण परेशान होना पड़ा। ग्रेनो वेस्ट की ला रेजिडेंशिया सोसायटी के निवासियों ने रविवार को बिजली ट्रिपिंग की समस्या को लेकर प्रदर्शन किया। इस बीच मेंटिनेंस विभाग के कर्मचारी दफ्तर छोड़कर चले गए। लोगों ने विरोध में परिसर पर ताला लगा दिया और दुकानों की बिजली आपूर्ति बाधित कर दी। आरोप है कि ये हाउसिंग कनेक्शन से अवैध रूप से बिजली ले रहे थे। मौके पर पहुंची पुलिस निवासियों को पकड़कर बिसरख कोतवाली ले गई।
यहां के निवासी सुमिल जलोटा ने बताया कि दो दिनों से बिजली ट्रिपिंग की समस्या झेल रहे हैं। रात में हर पांच मिनट में ट्रिपिंग होती रही। आरोप है कि इसके विरोध में निवासी मेंटिनेंस टीम के पास पहुंचे और समस्या के बारे में पूछा। उन्होंने इलेक्ट्रिकल सिस्टम को अपग्रेड करने के लिए बिल्डर के जरूरी सामान उपलब्ध नहीं कराने की जानकारी दी। इस समस्या को सुलझाने के लिए निवासी बिल्डर दफ़्तर पहुंचे, वहां कोई भी मैनेजर या फिर कोई जिम्मेदार मौजूद नहीं मिला। लोगों ने अपना विरोध दर्ज कराने के लिए ऑफिस में ताला लगा दिया। वहां मौजूद कर्मचारियों ने पुलिस बुला ली। आरोप है कि विरोध करने के दौरान पुलिसकर्मी एक निवासी को उठाकर बिसरख कोतवाली ले आई। विरोध में कोतवाली में एकत्रित हुए निवासियों ने कोतवाली में हंगामा किया। जिसके बाद पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया। लोगों का आरोप है कि विरोध दर्ज कराने पर उलटा पुलिस भी निवासियों के खिलाफ कार्रवाई करती है। सेक्टर-1 बिसरख एरिया में एनपीसीएल की सप्लाई भी प्रभावित रही।

