n NBT रिपोर्ट, नोएडा
सेक्टर-145 स्थित डंपिंग ग्राउंड में लगी आग नोएडा प्राधिकरण और दमकल विभाग के लिए गले की फांस बन गई है। पिछले सोमवार को लगी आग को बुझाने के तमाम दावों के बीच शनिवार शाम एक बार फिर लपटें उठने से हड़कंप मच गया। रविवार को पूरे दिन कूड़े के पहाड़ों से जहरीला धुआं निकलता रहा। भीषण गर्मी और 43 डिग्री तापमान के कारण आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।
प्राधिकरण के जन स्वास्थ्य अधिकारी आरएस यादव ने बताया कि शनिवार की आग पर दो घंटे में काबू पा लिया गया था, लेकिन मीथेन गैस के कारण कूड़े के अंदरूनी हिस्सों में आग सुलगती रहती है। फिलहाल मौके पर पॉकलेन मशीनें और पानी के टैंकर तैनात हैं ताकि धुएं पर नियंत्रण पाया जा सके। इस स्थिति से आसपास के सेक्टरों के निवासी बेहद परेशान हैं; हवा में फैले जहरीले धुएं से लोगों को सांस लेने में तकलीफ और आंखों में जलन जैसी स्वास्थ्य समस्याएं हो रही हैं। वैज्ञानिक तरीके से कचरा निस्तारण न होना इस समस्या की मुख्य वजह मानी जा रही है।

