सेक्स रैकेट का स्टिंग करने गए रिपोर्टरों से वसूली, रेप केस में फंसाने की दी धमकी

नवभारतटाइम्स.कॉम

नोएडा में ऑनलाइन सेक्स रैकेट का स्टिंग करने गए दो रिपोर्टर खुद ही जाल में फंस गए। गैंग ने उनसे मारपीट की और पैसे लूटे। रिपोर्टरों को रेप केस में फंसाने की धमकी भी दी गई। किसी तरह रिपोर्टर वहां से बच निकले। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

sex racket sting operation extortion from reporters threat of rape case syndicate exposed

n NBT रिपोर्ट, नोएडा

ऑनलाइन देह व्यापार के सिंडिकेट का पर्दाफाश करने निकले दो रिपोर्टर खुद ही जाल में फंस गए। ग्रेटर नोएडा के एक मीडिया हाउस में कार्यरत दो रिपोर्टरों ने आरोप लगाया कि 15 अक्टूबर 2025 की सुबह जब वे सेक्टर-15 मेट्रो स्टेशन के पास एक सेक्स रैकेट का स्टिंग ऑपरेशन करने पहुंचे, तो वहां मौजूद गैंग ने उनसे मारपीट और लूटपाट की। कोर्ट के आदेश पर अब फेज-1 थाने में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है।

रिपोर्टरों के मुताबिक उन्होंने खबर की सचाई जानने के लिए एक वेबसाइट के जरिए दो लड़कियों को बुलाया था। मौके पर पहुंचे एक व्यक्ति ने पहले उनसे 16000 रुपये वसूल लिए। इसके बाद गिरोह ने 14000 रुपये की और मांग शुरू कर दी। इनकार करने पर करीब 20-25 लोगों के गैंग ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि गिरोह की लड़कियों ने खुद के कपड़े फाड़कर उन्हें फर्जी रेप केस में फंसाने की धमकी दी। साथ ही उनकी चेन, फोन और नकदी छीनने का प्रयास किया गया। किसी तरह वे वहां से भागने में सफल हुए। पीड़ितों ने बताया कि बदनामी के डर से लोग अक्सर पुलिस के पास नहीं जाते, जिसका फायदा यह गिरोह उठा रहा है। शुरुआत में पुलिस द्वारा सुनवाई न किए जाने पर रिपोर्टरों ने कोर्ट की शरण ली। फिलहाल पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के आधार पर जांच शुरू कर दी है।