ताला ठीक कराने के बहाने घर में घुसे, चोरी

नवभारतटाइम्स.कॉम

फरीदाबाद के शिवदुर्गा विहार में ताला ठीक करने आए दो लोगों ने एक महिला को बातों में फंसाया। उन्होंने अलमारी का लॉक ठीक करने का बहाना बनाया। इस दौरान महिला को कमरे से बाहर भेजकर अलमारी के लॉकर से कीमती जेवर चुरा लिए। पुलिस चोरों की तलाश कर रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

thieves entered the house on the pretext of fixing the lock looted lakhs of jewelry by engaging the woman in conversation

n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद : सूरजकुंड थाना क्षेत्र स्थित शिवदुर्गा विहार में ताला ठीक करने के बहाने घर में घुसे दो अज्ञात लोगों ने महिला को बातों में उलझाकर अलमारी के लॉकर से कीमती जेवर चोरी कर लिए। घटना 25 अप्रैल की दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच की बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है लेकिन चोरों का पता नहीं चला है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी खंगाल रही है। पीड़ित नीरज चौहान ने बताया कि उस समय वह घर पर नहीं थे और उनकी पत्नी पूजा घर के बाहर खड़ी थी। तभी दो व्यक्ति, जो खुद को ताला-चाबी बनाने वाला बता रहे थे, गली में आवाज लगाते हुए आए। अलमारी का लॉक खराब होने के कारण उनकी पत्नी ने दोनों को घर के अंदर बुला लिया। आरोप है कि दोनों व्यक्तियों ने अलमारी का लॉक ठीक करने का नाटक किया और इस दौरान महिला को पानी और तेल लाने के बहाने बार-बार कमरे से बाहर भेजते रहे। इसी बीच उन्होंने चुपके से अलमारी के लॉकर से जेवर निकाल लिए।